विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: बारुईपुर में 12 साल की किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या, इलाके में भारी बवाल

Published: Sun, 05 Jul 2026 04:32 PM (IST)

बंगाल के बारुईपुर में 12 वर्षीय किशोरी का शव तालाब से मिलने के बाद दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगा, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया।

किशोरी की दुष्कर्म और हत्या के बाद इलाके में बवाल। (फाइल)

किशोरी की दुष्कर्म और हत्या के बाद इलाके में बवाल। (फाइल)

HighLights

  1. बारुईपुर में 12 वर्षीय किशोरी का शव तालाब से मिला।

  2. दुष्कर्म और हत्या के आरोप में इलाके में भारी तनाव।

  3. प्रदर्शन में युवक की मौत, सीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता।  बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 12 वर्षीय किशोरी का शव तालाब से मिलने के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क और रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। इस दौरान भीड़ की पिटाई से एक युवक की भी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के एक वर्ग का दावा था कि उसे मामले के संदिग्धों के साथ देखा गया था। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किया गया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। पुलिस ने इस घटना की भी जांच शुरू कर दी है।

घर से सामान लेने निकली थी किशोरी का शव तालाब से बरामद

घटना बारुईपुर थाना क्षेत्र के धपधपी-2 पंचायत के सूर्यपुर हाट की है। किशोरी शनिवार शाम घर से खाने का सामान खरीदने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। स्वजन का आरोप है कि चार लोग उसे जबरन अपने साथ ले गए थे। रविवार सुबह घर के पास एक तालाब से उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क और सूर्यपुर स्टेशन पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सड़क और रेल अवरोध से जनजीवन प्रभावित

सियालदह-नामखाना रेल मार्ग पर करीब एक घंटे तक रेल सेवा बाधित रही, जबकि सड़क अवरोध लगभग पांच घंटे तक जारी रहा। हालात बिगड़ने पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

मुख्यमंत्री ने पीड़िता के पिता से फोन पर की बात

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीड़िता के पिता से फोन पर बात कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने मंगलवार को पीड़ित परिवार को भवानी भवन बुलाया है। आईजी (प्रेसिडेंसी रेंज) कंकर प्रसाद बारुई ने कहा कि मामले में किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम जल्द कराने की व्यवस्था की जा रही है और जरूरत पड़ने पर पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के साथ उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बंगाल में UPSC की तर्ज पर होगी शिक्षक भर्ती की परीक्षा, शुभेंदु अधिकारी ने किया एलान