चार बच्चों की मां का फेसबुक वाला प्यार, सरहद पार करने पहुंची तो BSF ने किया गिरफ्तार
मुर्शिदाबाद के युवक से फेसबुक पर प्रेम संबंध के बाद एक बांग्लादेशी महिला अपने नाबालिग बेटे के साथ अवैध रूप ...और पढ़ें

बॉर्डर पर बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
फेसबुक प्रेम के बाद बांग्लादेशी महिला भारत में घुसते पकड़ी गई।
पति और तीन बच्चों को छोड़कर भारत आ रही थी महिला।
मुर्शिदाबाद में दो अन्य बांग्लादेशी भी अवैध प्रवेश पर गिरफ्तार।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। फेसबुक के जरिए मुर्शिदाबाद के एक युवक से प्रेम संबंध के बाद बांग्लादेश से भारत में घुसने की कोशिश कर रही महिला को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पकड़ लिया।
रघुनाथगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली मंजिरा बीबी की शादी कम उम्र में बांग्लादेश के यूसुफ शेख से हुई थी। वह पति और तीन बच्चों को छोड़कर नाबालिग बेटे के साथ भारत आने की कोशिश कर रही थी। रविवार को उसे अदालत में पेश किया गया।
फेसबुक के जरिए डलिम से हुआ प्यार
मंजिरा विवाह के बाद बांग्लादेश में रह रही थी। उसके तीन बेटियां और एक बेटा है। फेसबुक के जरिए उसकी पहचान मुर्शिदाबाद के डलिम नामक युवक से हुई। बातचीत के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। इसके बाद मंजिरा ने पति और परिवार को छोड़कर भारत में डलिम के साथ रहने का फैसला किया।
अवैध रास्ते से भारत में एंट्री करने वाली महिला गिरफ्तार
वह नाबालिग बेटे को साथ लेकर अवैध रास्ते से भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान बीएसएफ की नजर उस पर पड़ गई। पूछताछ में वह भारत में प्रवेश से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सकी। इसके बाद उसे रघुनाथगंज पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जांचकर्ताओं के अनुसार, महिला के भारत में प्रवेश की कोशिश के पीछे किसी दलाल गिरोह की भूमिका थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस उसके भारत आने के पूरे घटनाक्रम और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
पद्मा नदी तैरकर भारत पहुंचे दो बांग्लादेशी, मुर्शिदाबाद में गिरफ्तार
मुर्शिदाबाद के लालगोला में पद्मा नदी तैरकर भारत में प्रवेश करने वाले दो बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान दुलाल और रोसदुल इस्लाम के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों मध्य रामनगर गांव में ठहरे हुए हैं। इसके बाद लालगोला थाने की पुलिस ने अभियान चलाकर उन्हें पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, दोनों बांग्लादेशी युवकों ने स्थलीय सीमा पर निगरानी के कारण पद्मा नदी तैरकर भारत में प्रवेश किया था। उनके पास भारत में रहने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों चांपाइनवाबगंज जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि वे किस उद्देश्य से भारत आए और उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह जुड़ा है या नहीं।
15 साल से रह रहे बांग्लादेशी को भी पकड़ा
इस बीच, रानितला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अन्य बांग्लादेशी नागरिक जौहाद शेख को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने करीब 15 वर्ष पहले भारत में प्रवेश करने के बाद स्थानीय महिला से विवाह किया और अपने ससुर को पिता बताकर मतदाता पहचान पत्र और आधार कार्ड बनवा लिया था।
एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से नाम हटने के बाद जांच में उसके बांग्लादेशी नागरिक होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार किया और रविवार को होल्डिंग सेंटर भेज दिया।
