बागेश्वर बाबा को फिर बंगाल लाएंगे भाजपा विधायक, मछली वाले बयान पर हुआ था विवाद
दुर्गापूजा के दौरान मांसाहार पर टिप्पणी को लेकर विवादों में घिरे बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को फिर ...और पढ़ें

HighLights
मांसाहार को लेकर बागेश्वर बाबा की टिप्पणी पर हुआ था विवाद
मांसाहार करने वालों को बागेश्वर बाबा ने कहा था पाखंडी व ढोंगी
मांसाहार पर टिप्पणी से हुआ था विवाद, दर्ज हुई थी FIR
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दुर्गापूजा के दौरान मांसाहार करने वालों को पाखंडी कहने को लेकर विवादों में घिरे बागेश्वर धाम के प्रमुख तथा कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बागेश्वर बाबा को अब फिर बंगाल लाने की तैयारी है।
जंगीपुर के भाजपा विधायक चित्त मुखोपाध्याय ने कहा है कि वह दुर्गापूजा के बाद अपने क्षेत्र में बागेश्वर बाबा का कार्यक्रम कराने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
अपने बंगाल दौरे के दौरान बागेश्वर बाबा ने दुर्गापूजा और नवरात्रि में बंगाल के हिंदुओं से मांसाहार और मदिरा छोड़ने की अपील की थी। उन्होंने धार्मिक आयोजनों और पूजा पंडालों के पास मांस-मछली खाने और बेचने वालों को पाखंडी और ढोंगी कह दिया था, जिसकी काफी आलोचना हुई थी।
इस टिप्पणी को लेकर बागेश्वर बाबा के खिलाफ थाने में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। इस बयान की आलोचना के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा था कि बागेश्वर बाबा ने अपनी राय रखी है, लेकिन बंगाल में नवमी पर लोग परंपरा के अनुसार मांसाहार करते रहेंगे।
चित्त मुखोपाध्याय ने कहा कि बागेश्वर बाबा को उनके क्षेत्र में लाने का प्रयास जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि पूजा के बाद संत कार्तिक महाराज को भी लाने की कोशिश की जाएगी।
विधायक ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम कराने के लिए वह अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहे हैं। हाल में हावड़ा में बागेश्वर बाबा के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और भाजपा के कई विधायक शामिल हुए थे।
