विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमंता बिस्वा सरमा ने श्रीमंत शंकरदेव की समाधि के किये दर्शन, विकास का खाका तैयार

Published: Sat, 19 Sep 2026 11:47 PM (IST)

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कूचबिहार के ऐतिहासिक मधुपुर मंदिर का दौरा किया, जहां महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की समाधि स्थित है।

हिमंता बिस्वा सरमा ने मधुपुर मंदिर का दौरा किया

हिमंता बिस्वा सरमा ने मधुपुर मंदिर का दौरा किया

HighLights

  1. मुख्यमंत्री हिमंता सरमा ने कूचबिहार के मधुपुर मंदिर का दौरा किया।

  2. महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

  3. मंदिर विकास हेतु 35 करोड़ रुपये के आवंटन पर चर्चा की।

संवाद सूत्र, कूचबिहार। असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंता बिस्वा सरमा ने शनिवार को कूचबिहार के ऐतिहासिक मधुपुर मंदिर का दौरा किया। मधुपुर मंदिर परिसर में महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की समाधि स्थित है। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर महापुरुष शंकरदेव को श्रद्धांजलि दी।

बताया गया कि असम सरकार ने इस वर्ष के बजट में मधुपुर मंदिर के विकास के लिए 35 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसी राशि से मंदिर परिसर में किन-किन विकास कार्यों को कराया जाएगा, इसकी जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री मधुपुर सत्र पहुंचे थे।

इस दौरान उन्होंने उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री मालती राभा, भाजपा विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में असम सरकार की ओर से आवंटित 35 करोड़ रुपये से मधुपुर मंदिर के विकास को लेकर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने दोपहर में मंदिर परिसर में ही प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद असम के धुबरी रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार की भी मधुपुर मंदिर के विकास में रुचि है।

असम सरकार ने 35 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। दोनों राज्यों के संयुक्त प्रयास से मधुपुर मंदिर को असम के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के पर्यटन मानचित्र पर भी महत्वपूर्ण स्थान मिल सकता है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पश्चिम बंगाल में उप चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अलग-अलग समय पर अलग-अलग रूप में देखा जाता है।

वहीं, उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले कई बार उन्होंने बंगाल आने की कोशिश की, लेकिन भाजपा सरकार आने से पहले बंगाल में मधुपुर मंदिर के विकास को लेकर कोई विशेष पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में मधुपुर मंदिर का विकास संभव नहीं हो सका।