कोलकाता, राज्य ब्यूरो। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने पूर्वी सैन्य कमान के मुख्यालय फोर्ट विलियम दौरे के दौरान अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम से लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारतीय सेना की युद्ध तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता स्थित कमान मुख्यालय के वरिष्ठ कमांडरों ने शनिवार को सेनाध्यक्ष को सैनिकों की तैनाती सहित भारतीय सेना की विभिन्न युद्ध तैयारियों की जानकारी दी।

भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प

गौरतलब है कि नौ दिसंबर को दोनों देशों के बीच तनाव उस समय बढ़ गया था जब अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले के यांग्त्सी में एलएसी पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। जनरल पांडे का यह अहम दौरा अरुणाचल प्रदेश के तवांग से लगती एलएसी पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प के छह सप्ताह बाद हो रहा है। पूर्वी कमान पर अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम से लगती एलएसी की सुरक्षा की जिम्मेदारी है।

पूर्वी सीमाओं के समग्र सुरक्षा मुद्दों पर भी की गई चर्चा

सेना ने ट्वीट किया कि सेनाध्यक्ष ने अधिकारियों और जवानों से संवाद किया और उनके उच्च पेशेवर मानक और कर्तव्य के प्रति समर्पण की प्रशंसा की। फोर्ट विलियम के सूत्रों के मुताबिक सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे पूर्वी सेना के कमांडरों के साथ वहां की सटीक स्थिति के बारे में चर्चा करने के लिए कोलकाता आए थे। इसके अलावा पूर्वी सीमाओं के समग्र सुरक्षा मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

भारतीय सेना प्रमुख ने पूर्वी सेना कमांडर को किया आगाह

भारतीय सेना प्रमुख ने पूर्वी सेना कमांडर को आगाह किया कि चीन द्वारा तवांग में हुई ऐसी भड़काऊ घटनाओं को दोहराया जा सकता है। इसलिए उन्होंने सेना को हमेशा सतर्क रहने का आदेश दिया।

डोकलाम की सुरक्षा स्थिति की भी सेना प्रमुख ने की समीक्षा

तवांग सीमा पर भारतीय सेना के साथ झड़प के बाद चीनी लाल सेना को पीछे हटने के लिए मजबूर होना पड़ा था। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सदस्य फिलहाल पीछे हट गये हैं, लेकिन भारतीय सेना अधिकारियों का मानना है कि चीन इस घटना पर चुप नहीं बैठेगा।

बताया गया है कि सेना प्रमुख मनोज पांडे ने पूर्वी सेना प्रमुखों के साथ तवांग के साथ सिक्किम की सीमा पर नाथुला और डोकलाम की स्थिति पर चर्चा की। फोर्ट विलियम के सूत्रों के मुताबिक भारतीय सेना पूर्वी सीमा पर किसी भी आपात स्थिति के लिए कितनी तैयार है और उसे कितनी सावधानी बरतने की जरूरत है, इस पर भी लंबी चर्चा हुई है।

ये भी पढ़ें- Budget 2023: हेल्थ इंश्योरेंस पर जीएसटी में कमी की मांग, महामारी पूल और डिविडेंड पर टैक्स छूट की उम्मीद

ये भी पढ़ें- Fact Check: नेपाल में हुए हादसे की पुरानी तस्वीर को पोखरा प्लेन क्रैश से जोड़कर किया जा रहा शेयर

Edited By: Shashank Mishra