दुर्गा पूजा में बंगाल दौरे पर पहुंचे अमित शाह, बेलूर मठ सहित हावड़ा-कोलकाता के कई पंडालों का करेंगे दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होने दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे हैं।
-1792257155610_m.webp)
दुर्गा पूजा में बंगाल दौरे पर पहुंचे अमित शाह।
HighLights
अमित शाह दो दिवसीय बंगाल दौरे पर कोलकाता पहुंचे।
बेलूर मठ सहित हावड़ा-कोलकाता के पंडालों का करेंगे दौरा।
पिछले साल भी दुर्गा पूजा में बंगाल आए थे शाह।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद दुर्गापूजा उत्सव में शामिल होने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर शनिवार रात कोलकाता पहुंचे। शाह रात करीब नौ बजे अहमदाबाद से कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां उनकी अगवानी के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
रात्रि विश्राम के बाद गृह मंत्री रविवार को हावड़ा और कोलकाता के कई प्रमुख पूजा पंडालों का दौरा करेंगे। मई में भाजपा के बंगाल की सत्ता में आने के बाद दुर्गा पूजा के दौरान शाह का राज्य का यह पहला दौरा हो रहा है।
प्रदेश भाजपा द्वारा साझा किए गए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री रविवार को महासप्तमी के अवसर पर सुबह करीब 11.15 बजे सबसे पहले हावड़ा में स्थित रामकृष्ण मिशन के वैश्विक मुख्यालय बेलूर मठ जाएंगे, जहां वह दुर्गा पूजा में शामिल होंगे।
शाह इसके बाद दोपहर 12 बजे हावड़ा के बाली स्थित देशबंधु क्लब के दुर्गा पूजा पंडाल जाएंगे। फिर कोलकाता के सरकारी सौजन्य गेस्ट हाउस में दोपहर के भोजन के बाद शाह दोपहर दो बजे उत्तर कोलकाता के प्रसिद्ध शोभाबाजार राजबाड़ी पहुंचेंगे, जहां 250 से अधिक वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। शाह वहां पूजा-अर्चना करेंगे।
इसके बाद दौरे के अंत में गृह मंत्री कोलकाता के लेकटाउन स्थित श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब के दुर्गा पूजा पंडाल जाएंगे। इसके बाद शाम में वह कोलकाता एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
पिछले साल संतोष मित्रा स्क्वायर के पूजा पंडाल का उद्घाटन करने आए थे शाह
बताते चलें कि अमित शाह पिछले साल भी दुर्गापूजा के दौरान बंगाल आए थे। तब उन्होंने कोलकाता के संतोष मित्रा स्क्वायर के पूजा पंडाल का उद्घाटन किया था, जिसके आयोजक भाजपा नेता सजल घोष हैं।
इसके अलावा उन्होंने साल्टलेक स्थित ईजेडसीसी में प्रदेश भाजपा की सांस्कृतिक सेल द्वारा आयोजित पूजा पंडाल का भी उद्घाटन किया था। हालांकि, इस बार उनके कार्यक्रम में संतोष मित्रा स्क्वायर और ईजेडसीसी शामिल नहीं हैं।
