विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गापूजा में अमित शाह का बंगाल दौरा तय, सप्तमी को पहुंचेंगे कोलकाता

Published: Wed, 14 Oct 2026 09:12 PM (IST)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दुर्गापूजा के दौरान बंगाल का दौरा करेंगे, जिसकी पुष्टि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की है।

गृह मंत्री अमित शाह का बंगाल दुर्गापूजा दौरा तय

गृह मंत्री अमित शाह का बंगाल दुर्गापूजा दौरा तय

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली दुर्गापूजा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह हावड़ा और कोलकाता के कई प्रमुख पूजा पंडालों में जाएंगे। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को इसकी पुष्टि की।

गृह मंत्री अमित शाह का बंगाल दौरा तय

मुख्यमंत्री ने बताया कि गृह मंत्री के 17 अक्टूबर को सप्तमी की रात कोलकाता पहुंचने का कार्यक्रम है। अगले दिन 18 अक्टूबर को वह दिनभर विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा करेंगे। शुभेंदु के अनुसार, 18 अक्टूबर की सुबह गृह मंत्री सबसे पहले हावड़ा स्थित बेलूड़ मठ जाएंगे।

उनके कार्यक्रम में बेलूड़ मठ के अलावा बाली के देशबंधु क्लब, चेतला की 24 पल्ली पूजा और शोभाबाजार राजबाड़ी शामिल हैं। शोभाबाजार राजबाड़ी में कुछ समय बिताने के साथ गृह मंत्री के पूजा और आरती देखने का भी कार्यक्रम है।

इसके बाद वह विधाननगर स्थित श्रीभूमि सपोर्टिंग क्लब के पूजा पंडाल जाएंगे। वहां से सीधे हवाई अड्डे पहुंचकर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

पिछले साल भी बंगाल आये थे शाह 

अमित शाह पिछले साल भी दुर्गापूजा के दौरान बंगाल आए थे। शाह कोलकाता के संतोष मित्रा स्क्वायर के पूजा पंडाल का उद्घाटन करने आए थे, जिसके आयोजक भाजपा नेता सजल घोष हैं।

इसके अलावा उन्होंने साल्टलेक स्थित ईजेडसीसी में जाकर प्रदेश भाजपा की सांस्कृतिक सेल द्वारा आयोजित पूजा पंडाल का भी उद्घाटन किया था। हालांकि, इस बार उनके कार्यक्रम में संतोष मित्रा स्क्वायर और ईजेडसीसी शामिल नहीं हैं।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद यह पहली दुर्गापूजा है। महालया के अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ईडन गार्डेंस में भव्य आयोजन के साथ दुर्गोत्सव की शुरुआत की थी।

उस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शामिल होने की भी चर्चा थी, लेकिन वह नहीं आ सके थे। इसके बाद से ही पूजा के दौरान अमित शाह के बंगाल दौरे की संभावना जताई जा रही थी।