विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल चुनाव: भाजपा की रणनीति में बदलाव, संकल्प पत्र से पहले ममता सरकार के खिलाफ 'आरोप पत्र' लाएंगे शाह

Published: Wed, 25 Mar 2026 11:17 PM (IST)

बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। अब पार्टी 'संकल्प पत्र' से पहले 28 ...और पढ़ें

भाजपा ने बंगाल चुनाव रणनीति में बड़ा बदलाव किया

भाजपा ने बंगाल चुनाव रणनीति में बड़ा बदलाव किया

HighLights

  1. भाजपा ने बंगाल चुनाव रणनीति में बड़ा बदलाव किया

  2. अमित शाह 28 मार्च को ममता सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करेंगे

  3. आरोप पत्र में तृणमूल के कुशासन और भ्रष्टाचार का जिक्र

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी रणनीति में अंतिम समय पर बड़ा बदलाव किया है। पार्टी अब अपने चुनावी घोषणापत्र यानी 'संकल्प पत्र' को जारी करने से पहले सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ एक विस्तृत 'चार्जशीट' (आरोप पत्र) पेश करेगी।

सूत्रों के अनुसार, आगामी 28 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद इस आरोप पत्र को जारी करेंगे, जिसमें ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और कुशासन के गंभीर आरोपों का कच्चा चिट्ठा होगा।

भाजपा ने बंगाल चुनाव रणनीति में बड़ा बदलाव किया

भाजपा की इस नई योजना के पीछे 'पहले बीमारी, फिर इलाज' का तर्क दिया जा रहा है। पार्टी चाहती है कि संकल्प पत्र के जरिए समाधान पेश करने से पहले राज्य की जनता के सामने तृणमूल के पिछले 15 वर्षों के शासन की विफलताओं को मजबूती से रखा जाए।

इस आरोप पत्र में कोयला, रेत और पत्थर जैसे राष्ट्रीय संसाधनों की लूट के साथ-साथ राज्य में व्याप्त कथित अराजकता का विवरण होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हाल ही में अपने दो दिवसीय बंगाल दौरे के दौरान सांगठनिक स्थिति की समीक्षा कर इस रणनीतिक बदलाव को अंतिम रूप दिया है।

आरोप पत्र में तृणमूल के कुशासन और भ्रष्टाचार का जिक्र

गौरतलब है कि भाजपा 26 और 27 मार्च को पूरे बंगाल में रामनवमी के बहाने बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इसके तुरंत बाद अमित शाह का आरोप पत्र जारी करेंगे। वहीं, अप्रैल के पहले सप्ताह में संभावित संकल्प पत्र में भाजपा 'लक्ष्मी भंडार' जैसी योजनाओं के काट और सिंगुर को औद्योगिक हब बनाने जैसे लुभावने वादे कर सकती है।

राज्य की 294 सीटों पर 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होना है, जिसके नतीजे चार मई को आएंगे। भाजपा ने उम्मीदवारों की तीसरी सूची भी जारी कर दी है।