विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में बाबरी मस्जिद बनवाने के षड्यंत्र के पीछे ममता का हाथ, अमित शाह का तीखा वार

Published: Mon, 02 Mar 2026 10:25 PM (IST)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी पर मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद निर्माण के षड्यंत्र का आरोप लगाया। उन्होंने ...और पढ़ें

अमित शाह का तीखा वार। (पीटीआई)

अमित शाह का तीखा वार। (पीटीआई)


HighLights

  1. अमित शाह ने ममता पर बाबरी मस्जिद निर्माण षड्यंत्र का आरोप लगाया।

  2. ममता पर तुष्टीकरण और घुसपैठियों को बढ़ावा देने का आरोप।

  3. भाजपा सरकार बनने पर घुसपैठियों को बाहर निकालने का वादा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला बोलते हुए दावा किया कि मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद के निर्माण के षड्यंत्र के पीछे सीएम का हाथ है। उन्होंने ममता पर तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त रहने का आरोप लगाते हुए बंगाल में बाबरी मस्जिद जैसे विवादास्पद निर्माण की अनुमति देने पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि हुमायूं कबीर (बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले निलंबित टीएमसी विधायक) और ममता बनर्जी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री शाह सोमवार को दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर में भाजपा की परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले रैली को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि हुमायूं कबीर को योजनापूर्वक पार्टी से बाहर निकालकर बाबरी मस्जिद बनवाने का षड्यंत्र ममता ने किया है, ताकि हिंदू नाराज न हों। शाह ने कहा, 'दीदी, आप चिंता न करें, बंगाल के हिंदू और मुसलमान दोनों आपको जान चुके हैं। इस बार आपकी विदाई तय है।'

शाह ने कहा कि वोट बैंक के लिए ममता ने बंगाल को बांग्लादेशी घुसपैठियों से भर दिया है। तुष्टीकरण के अलावा दीदी कुछ नहीं करतीं। विधानसभा चुनाव से पहले ममता को अब मंदिर बनाने की सूझ रही है। वह मंदिरों के उद्घाटन व शिलान्यास में व्यस्त हैं। हालांकि मैं मंदिर बनने का स्वागत करता हूं, इसके पीछे का मकसद चाहे जो भी हो।

दूसरी ओर, आपके बंगाल में बाबरी मस्जिद फिर से बन रही है। इसकी जिम्मेदारी किसकी है? ममता को इसका जवाब देना चाहिए। मालूम हो कि पिछले साल छह दिसंबर को बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की नींव पड़ने के बाद से पहली बार भाजपा के किसी शीर्ष नेता की इस पर टिप्पणी सामने आई है।

घुसपैठियों के नाम कटने से दीदी को दर्द हो रहा

शाह ने कहा कि अभी एसआइआर के बाद मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम कटने पर ममता को दर्द हो रहा है। उन्होंने फिर दोहराया कि भाजपा की सरकार बनने के बनने पर एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुन कर बंगाल से बाहर निकालेंगे। राज्य को घुसपैठियों से मुक्त करने के साथ ममता के गुंडों को उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे।

शाह ने कहा कि ममता को बंगाल के विकास में कोई दिलचस्पी नहीं है, वह सिर्फ अपने भतीजे (अभिषेक बनर्जी) को मुख्यमंत्री बनाना चाहती हैं। शाह ने कहा कि इस बार टीएमसी को वोट देने की गलती की तो ममता नहीं बल्कि भतीजे का शासन होगा। शाह ने टीएमसी द्वारा पूर्व डीजीपी राजीव कुमार को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण देने जैसा है।

शाह ने कहा कि शिक्षक भर्ती घोटाला, नगर निगम भर्ती घोटाला, गाय तस्करी घोटाला, राशन घोटाला, मनरेगा घोटाला और पीएम आवास घोटाला, बंगाल में हुए इन सभी घोटालों को संरक्षण देने वाले पूर्व डीजीपी को ममता राज्यसभा में भेज रही हैं।

बंगाल आठ लाख करोड़ के कर्ज में डूबा है

शाह ने कहा कि टीएमसी के पिछले 15 साल के शासन में आज बंगाल आठ लाख करोड़ रुपये के कर्ज में डूबा है। नए बच्चे के जन्म लेते ही 77 हजार रुपये का ऋण उसके ऊपर आ जाता है। शाह ने कहा कि देश भर की सरकारों के कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग मिल चुका है, लेकिन सिर्फ बंगाल के कर्मचारियों को ही छठे वेतन आयोग की तनख्वाह मिलती है। अब तो आठवां वेतन आयोग बनने वाला है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि एक बार भाजपा सरकार बना दो, 45 दिन में ही हम राज्य सरकार के कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग की तनख्वाह देने का काम करेंगे। शाह ने हिंदू शरणार्थियों को भी भरोसा दिया कि किसी की भी नागरिकता नहीं जाएगी।

भाजपा के दिग्गज नेताओं ने पांच जगहों से परिवर्तन यात्रा को दिखाई झंडी

गृह मंत्री शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के पांच अलग-अलग जगहों से इस दिन भाजपा की परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाई।