भाजपा के संपर्क में हैं हुमायूं कबीर? शाह बोले- '20 साल विपक्ष में बैठ जाएंगे, मगर बाबरी मस्जिद बनाने वाले के साथ...'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में भाजपा का संकल्प पत्र जारी करते हुए हुमायूं कबीर स्टिंग विवाद पर ...और पढ़ें
-1775831259333_m.webp)
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कोलकाता में भाजपा का चुनावी संकल्प पत्र जारी करने के दौरान सत्तारूढ़ टीएमसी को छोडऩे वाले आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर से जुड़े स्टिंग विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए दो टूक कहा कि भाजपा सत्ता के लिए किसी भी कीमत पर बाबरी मस्जिद बनाने वालों से समझौता (गठबंधन) नहीं करेगी।
शाह ने साफ कहा कि हम बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने वाले के साथ कोई समझौता करने की बजाय अगले 20 साल तक विपक्ष में बैठना पसंद करेंगे।

बाबरी मस्जिद समर्थकों से समझौता नहीं:
उन्होंने मुख्यमंत्री व टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए इशारा किया कि हुमायूं कबीर (टीएमसी के निलंबित विधायक) के वायरल आडियो क्लिप के पीछे सत्ताधारी पार्टी का ही हाथ है। टीएमसी द्वारा जारी इस आडियो क्लिप में हुमायूं कबीर कथित तौर पर राज्य के भाजपा नेताओं को टीएमसी को सत्ता से हटाने में पूरा समर्थन देने का भरोसा दिला रहे हैं।
शाह से बंगाल चुनाव में हुमायूं कबीर और भाजपा के बीच कथित डील के सवाल पर स्पष्ट कहा कि आप ममता बनर्जी की क्षमताओं से अंजान हैं। ममता बनर्जी ऐसे 2,000 वीडियो बनवा सकती हैं। गृह मंत्री ने हुमायूं कबीर के साथ किसी भी समझौते की संभावना को खारिज करते हुए कहा कबीर और भाजपा दो बिल्कुल अलग धु्रवों साउथ पोल और नार्थ पोल की तरह हैं। हमारा उनके साथ कभी मेल नहीं खा सकता है।

बताते चलें कि गुरुवार को टीएमसी की तरफ से मंत्री फिरहाद हकीम और मंत्री अरूप विश्वास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुमायूं कबीर का एक कथित आडियो क्लिप जारी किया था। इसमें उन्होंने दावा किया कि कबीर और उनकी नई बनी आम आदमी उन्नयन पार्टी चुनाव में भाजपा को समर्थन देने का भरोसा दिला रही थी।
आडियो क्लिप में कबीर को कथित तौर पर किसी अज्ञात व्यक्ति को यह भरोसा दिलाते हुए सुना गया कि अगर भाजपा इस बार ज़्यादातर हिंदू वोट अपनी तरफ खींचने में कामयाब हो जाती है, तो वह मुस्लिम वोटों को बांटने में अहम भूमिका निभाएंगे। इस कथित आडियो लीक से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई और सत्ताधारी टीएमसी ने भाजपा पर पैसे के दम पर चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
बंगाल का बेटा ही बनेगा मुख्यमंत्री : शाह
गृह मंत्री शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि बंगाल विधानसभा चुनाव में यदि भाजपा की जीत होती है तो पार्टी बंगाल के बेटे को मुख्यमंत्री बनाएगी। शाह ने विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी करने के मौके पर संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों द्वारा मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरा कौन होगा, इस सवाल पर कहा कि हम कोई वंशवादी दल नहीं हैं, जिसमें बुआ के बाद भतीजा सत्ता संभाले।
मैं बंगाल के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हमारा मुख्यमंत्री एक बंगाली होगा और बंगाल का बेटा होगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने तृणमूल के इस दावे को भी खारिज किया कि भाजपा बंगाल के लोगों की खान-पान की आदतों में दखल देगी। शाह ने कहा कि मछली और अंडे के सेवन पर रोक नहीं लगेगी। यह तृणमूल द्वारा फैलाई गई अफवाह है।

UCC पर क्या बोले शाह?
शाह ने भाजपा के सत्ता में आने पर बंगाल में छह माह के भीतर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू के वादे पर कहा कि इसकी सिफारिश भाजपा की नहीं है। यह संविधान सभा की सिफारिश है। उन्होंने समान नागरिक कानून को आगे बढ़ाने का बचाव करते हुए दावा किया कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण इसे दशकों तक लागू नहीं किया गया।
शाह ने स्पष्ट किया कि जिन-जिन राज्यों में हमारी सरकार बनी है, वहां हमने इसे लागू किया है या करेंगे और बंगाल में भी ऐसा करेंगे। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण क्या है? क्या एक व्यक्ति को चार पत्नियां रखने की छूट देना तुष्टीकरण है या सबको देश के कानून का पालन करने के लिए कहना तुष्टीकरण है?
