विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आजादी के बाद से किसी राज्य में ऐसा राजनीतिक परिवर्तन नहीं देखा', कोलकाता में बोले अमित शाह

Published: Sun, 19 Jul 2026 07:04 PM (IST)

अमित शाह ने कोलकाता में अमूल के मेगा डेयरी संयंत्र की आधारशिला रखी और बंगाल में हुए राजनीतिक परिवर्तन को ऐतिहासिक बताया।

केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि आजादी के बाद देश के विभिन्न राज्यों में कई राजनीतिक परिवर्तन हुए, लेकिन बंगाल में आया बदलाव सबसे अलग और ऐतिहासिक है।

बंगाल दौरे के तीसरे व अंतिम दिन कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में शाम में आयोजित कार्यक्रम में अमूल के मेगा डेयरी संयंत्र की आधारशिला रखने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि एक समय बंगाल हर क्षेत्र में पूरे देश का पथप्रदर्शक था।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों तक बंगाल ने वामपंथियों की विदेशी विचारधारा का दंश झेला और उसके बाद 15 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्ट शासन का सामना किया।

शाह ने कोलकाता में अमूल डेयरी संयंत्र का शिलान्यास किया

अब राज्य के लोगों ने परिवर्तन का रास्ता चुना है। गृह ने इस कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से हावड़ा जिले के सांकराइल में अमूल के प्रस्तावित दुनिया के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र की आधारशिला रखी।

गुजरात को-आपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन द्वारा 650 करोड़ रुपये की लागत से संकराइल फूड पार्क में यह संयंत्र स्थापित होगा।

गृह मंत्री ने इस दौरान हल्के अंदाज में कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से बंगाल के लोगों का मुंह मिष्टी दोई (मीठा दही) से मीठा कराने आए हैं।

शाह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी की एक अपील पर 10 सालों के संघर्ष के बाद शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में यहां भाजपा की सरकार है और सोनार बांग्ला का आंदोलन यहां फिर जीवित हुआ है।

गृह मंत्री ने अपने दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल में पिछले दो दिनों के दौरान घुसपैठ रोकने, कानून व्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदमों पर चर्चा हुई और आवश्यक निर्णय लिए गए।

उन्होंने विश्वास जताया कि नई सरकार के नेतृत्व में बंगाल विकास और सुशासन की नई दिशा में आगे बढ़ेगा और सोनार बांग्ला (स्वर्णिम बंगाल) का सपना साकार होगा।

प्रतिदिन 10 लाख किलोग्राम दही बनाने में सक्षम होगा यह संयंत्र

अमूल का यह संयंत्र प्रतिदिन 15 लाख लीटर दूध का प्रोसेसिंग कर 10 लाख किलोग्राम दही बनाने में सक्षम होगा। यहां लस्सी, पनीर, मक्खन, घी और आइसक्रीम का भी उत्पादन होगा।

शाह ने कहा कि यह परियोजना बंगाल के डेयरी सेक्टर को बड़ा प्रोत्साहन देगी, किसानों को बेहतर कीमत दिलाएगी और हजारों रोजगार अवसर सृजित करेगी।

यह भी पढ़ें- गृहमंत्री अमित शाह ने भारत-बांग्लादेश सीमा का लिया जायजा, सिलिगुड़ी कारिडोर की सुरक्षा को लेकर करेंगे बैठक

यह भी पढ़ें- एक छत के नीचे 22 भाषाएं, 9 डिजिटल गैलरियां... जानिए 'म्यूजियम ऑफ वर्ड' की खासियत