दुर्गापूजा को लेकर भारत-बांग्लादेश सीमा पर बढ़ी चौकसी, भूटान और नेपाल बॉर्डर पर भी कड़ी सुरक्षा; 7 दिन आयात-निर्यात बंद
दुर्गापूजा के मद्देनजर उत्तर बंगाल की भारत-बांग्लादेश, नेपाल और भूटान सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। चेंगड़ाबांधा में ...और पढ़ें

दुर्गापूजा पर भारत-बांग्लादेश सीमा पर कड़ी चौकसी (सांकेतिक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। दुर्गापूजा के मद्देनजर उत्तर बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कूचबिहार जिले के चेंगड़ाबांधा के साथ सिलीगुड़ी के निकट फूलबाड़ी और फांसीदेवा में भारत-बांग्लादेश सीमा,दार्जिलिंग जिले में पानीटंकी के भारत-नेपाल और जयगांव में भारत-भूटान सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना, तस्करी और घुसपैठ की कोशिश को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है। भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ,भारत-नेपाल तथा भारत-भूटान सीमा पर एसएसबी जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
इधर, कूचबिहार जिले में चेंगड़ाबांधा लैंडपोर्ट के माध्यम से भारत-बांग्लादेश और भूटान-बांग्लादेश के बीच होने वाला आयात-निर्यात कारोबार सात दिनों तक बंद रहेगा। 23 अक्टूबर तक व्यापारिक गतिविधियां स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, इस दौरान चेंगड़ाबांधा इमिग्रेशन चेकपोस्ट से पासपोर्टधारी यात्रियों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रहेगी।
चेंगड़ाबांधा एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन, सीएंडएफ एजेंट वेलफेयर एसोसिएशन सहित अन्य व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने आपसी चर्चा के बाद दुर्गापूजा के दौरान कारोबार बंद रखने का फैसला किया है। इसकी जानकारी कूचबिहार के पुलिस अधीक्षक समेत प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। बांग्लादेश के संबंधित पक्षों को भी इसकी सूचना भेजी गई है।
सीमावर्ती पूजा पंडालों पर भी नजर
कूचबिहार जिले के मेखलीगंज ब्लाक में मेखलीगंज और कुचलीबाड़ी दो थाना क्षेत्र हैं। दोनों थाना क्षेत्रों के कई इलाके बांग्लादेश सीमा से सटे हुए हैं। यहां कई स्थानों पर दुर्गापूजा का आयोजन होता है। ऐसे में पूजा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और बीएसएफ की टीम संयुक्त रूप से निगरानी कर रही है।
खुली सीमा वाले इलाकों पर विशेष ध्यान
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मेखलीगंज ब्लाक के कुछ हिस्सों में अब भी कंटीले तारों की बाड़ नहीं है। ऐसे इलाकों से तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसे देखते हुए इन संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मेखलीगंज पुलिस के अनुसार, दुर्गापूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूजा समितियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर त्योहार के दौरान लोगों की सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है।
