विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अपराध पर सख्ती के समर्थन में मंत्री अग्निमित्रा ने लिखी कविता, कहा- जनता की सुरक्षा से बड़ा कुछ नहीं

Published: Wed, 28 Oct 2026 11:33 PM (IST)

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जनता की सुरक्षा के समर्थन में 'एनकाउंटर' शीर्षक से एक बांग्ला कविता लिखी है।

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने 'एनकाउंटर' शीर्षक से कविता लिखी। (फोटो-ANI)

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने 'एनकाउंटर' शीर्षक से कविता लिखी। (फोटो-ANI)

HighLights

  1. मंत्री अग्निमित्रा पाल ने 'एनकाउंटर' शीर्षक से कविता लिखी।

  2. कविता अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई का समर्थन करती है।

  3. यह भाजपा सरकार के अपराध पर सख्त रुख के अनुरूप है।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आम लोगों की सुरक्षा के समर्थन में ‘एनकाउंटर’ शीर्षक से एक बांग्ला कविता लिखी है। दो अलग-अलग मामलों के आरोपितों की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद यह कविता सामने आई है। इसमें उन्होंने अन्याय के आगे नहीं झुकने और अपराध के खिलाफ दृढ़ता से खड़े होने का संदेश दिया है।

कविता में अग्निमित्रा ने लिखा है कि अपराध रुके, लोग सुरक्षित रहें और भय का अंधकार दूर हो। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिन पर है, उन्हें अपराध के खिलाफ लगातार खड़ा होना होगा। कविता में उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि परिस्थितियां कभी-कभी कठिन होती हैं और निर्णय लेने का बोझ आसान नहीं होता, लेकिन जनता की सुरक्षा से बढ़कर कुछ नहीं है।

गौरतलब है कि मंगलवार को लगभग 12 घंटे के अंतराल पर दो अलग-अलग मामलों के आरोपितों की कथित मुठभेड़ में मौत हुई थी। इनमें उत्तर 24 परगना में 17 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म और हत्या तथा मुर्शिदाबाद में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या का मामला शामिल है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर अपराध का दृश्य दोहराने के दौरान आरोपितों ने पुलिसकर्मियों के हथियार छीनकर गोलीबारी की थी।

इन घटनाओं से पहले दोनों अपराधों को लेकर लोगों में आक्रोश था। भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले में पुलिस की कथित लापरवाही के आरोप भी लगे थे, जिसके बाद कई पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार अपराध और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाने की बात कहती रही है।

अग्निमित्रा की कविता भी इसी राजनीतिक संदेश के अनुरूप है। हालांकि, उन्होंने अपनी कविता में किसी विशेष मामले या आरोपित का नाम नहीं लिया है। दोनों मुठभेड़ों की परिस्थितियों और पुलिस के दावों की जांच जारी है।