21 साल बाद ममता की तृणमूल पार्टी ने कांग्रेस से नाता तोड़ लिया है, पार्टी के नाम से कांग्रेस गायब
ममता बनर्जी ने अब एक बार फिर कांग्रेस से रिश्ता तोड़ लिया है। तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने अपनी पार्टी के नाम तृणमूल कांग्रेस से कांग्रेस को अलग कर लिया है। पार्टी ने नया लोगो जारी किया है।
कोलकाता, एजेंसी। ममता बनर्जी ने अब एक बार फिर कांग्रेस से रिश्ता तोड़ लिया है। 1998 में कांग्रेस से अलग अपनी नई पार्टी खड़ी करने वाली तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने अपनी पार्टी के नाम तृणमूल कांग्रेस से 'कांग्रेस' को अलग कर लिया है। पार्टी ने नया लोगो जारी किया है जिसमें पार्टी का नाम सिर्फ तृणमूल ही दिया गया है।
बता दें कि 1998 में पश्चिम बंगाल की सीपीआई (एम) से कांग्रेस के गठजोड़ के विरोध के मुद्दे पर ममता बनर्जी पार्टी से रिश्ता तोड़कर अपनी अलग पार्टी बना ली थी।
21 साल पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी ) का गठन किया था। अब पार्टी ने अपने लोगो से 'कांग्रेस' नाम भी हटा लिया है। पार्टी के नए लोगो में हरे रंग से तृणमूल लिखा है, जिसके ऊपर नीले बैकग्राउंड पर दो फूल बने हुए हैं।
पार्टी के मुताबिक समय बदल रहा है, 21 साल के बाद पार्टी अपने नए नाम के साथ सामने आ रही है। पार्टी ने अपने सभी बैनर, पोस्टर और सभी संचार सामग्री से कांग्रेस का नाम हटा दिया है। पार्टी के आधिकारिक फेसबुक एवं ट्विटर पेज, मुख्यमंत्री, उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी और तृणमूल नेता डेरेक ओ ब्रायन ने अपने सोशल मीडिया पेज पर नया लोगो लगा लिया है। हालांकि चुनाव आयोग में फिलहाल पार्टी तृणमूल कांग्रेस के नाम से ही रजिस्टर रहेगी।