कांग्रेस और राहुल गांधी को बदनाम करने के लिए मोदी-ममता में हुआ है समझौता : अधीर रंजन चौधरी
यह तृणमूल जैसी पार्टी के वास्तविक स्वभाव को दर्शाता है। अधीर ने दावा किया कि मुर्शिदाबाद व मालदा जिलों के विभिन्न हिस्सों के तृणमूल और भाजपा के 2000 से अधिक कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। (जागरण- फोटो)
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने बुधवार को आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच उनकी पार्टी और राहुल गांधी को बदनाम करने के लिए समझौता हुआ है। अधीर ने कहा कि ममता बनर्जी पीएम के निर्देश पर काम कर रही हैं। वह खुद को ईडी और सीबीआइ की कार्रवाई से बचाना चाहती हैं, इसलिए कांग्रेस के खिलाफ हो गई हैं। ऐसा करने पर पीएम खुश होंगे।
भाजपा से लड़ने में विफल साबित हुई
गौरतलब है कि ममता ने एक दिन पहले ही कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह भाजपा से लड़ने में विफल साबित हुई है इसलिए बंगाल में उसके साथ समझौता कर लिया है। उनकी आरएसएस से सांठगांठ है। सागरदिघी विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने जिसे प्रत्याशी बनाया, वह दरअसल भाजपा का आदमी है। वाममोर्चा ने उसका समर्थन किया। अल्पसंख्यकों को गुमराह किया गया। रुपये का खेल हुआ और अनैतिक गठबंधन किया गया।
2,000 से अधिक कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए
इसके जवाब में अधीर ने कहा कि दरअसल तृणमूल भाजपा की मदद करना चाहती है। वह भाजपा से लड़ने का दिखावा कर रही है और कांग्रेस से दूरी बनाकर चल रही है। यह तृणमूल जैसी पार्टी के वास्तविक स्वभाव को दर्शाता है। अधीर ने दावा किया कि मुर्शिदाबाद व मालदा जिलों के विभिन्न हिस्सों के तृणमूल और भाजपा के 2,000 से अधिक कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।