बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा Adani ग्रुप, गौतम अदाणी ने किया एलान
गौतम अदाणी ने 2035 तक बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की घोषणा की, जिसमें कोलकाता ...और पढ़ें

अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी।
HighLights
अदाणी समूह 2035 तक बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये निवेश करेगा।
कोलकाता में 2000 बिस्तरों वाले अदाणी आरोग्य मंदिर की आधारशिला रखी।
निवेश से बंदरगाह, बिजली, सड़क, डेटा सेंटर क्षेत्रों का विकास होगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने गुरुवार को कहा कि समूह 2035 तक बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा। अदाणी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति में कोलकाता के पास स्थित न्यूटाउन में 2000 बिस्तरों वाले अस्पताल-अदाणी आरोग्य मंदिर की आधारशिला रखने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।
गौतम अदाणी ने कहा कि समूह विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं वाले ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ पर 4000 करोड़ रुपये खर्च करेगा और इस परियोजना से 10000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
इन क्षेत्रों में निवेश की योजना
दिग्गज उद्योगपति ने कहा कि बंगाल में अदाणी समूह का निवेश बंदरगाह, लॉजिस्टिक, बिजली, सड़क और डेटा सेंटर क्षेत्रों में होगा। अदाणी ने इस दौरान शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली बंगाल की नई भाजपा सरकार की जमकर प्रशंसा की।
उन्होंने शुभेंदु को सच्चा भूमिपुत्र भी बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के बाद बंगाल कामकाज का दूसरा बड़ा केंद्र है। यहां बड़े मौके इंतज़ार कर रहे हैं। शिलान्यास कार्यक्रम में गौतम अदाणी के साथ उनकी पत्नी प्रीति अदाणी और बेटे करण अदाणी भी मौजूद रहे।
आज बंगाल के लिए एक ऐतिहासिक दिन- शुभेंदु
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह बंगाल के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। राज्य सरकार अदाणी समूह के साथ मिलकर राज्य के औद्योगिक और स्वास्थ्य क्षेत्र को नया स्वरूप देने के लिए काम कर रही है। शुभेंदु ने कहा कि मई में मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद उन्होंने उद्योगपति से राज्य में निवेश करने का आग्रह किया था और समूह ने कुछ ही महीनों में स्वास्थ्य क्षेत्र की इस परियोजना का शिलान्यास कर इसका जवाब दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अदाणी से राज्य के लिए औद्योगिक क्षेत्र को फिर से गति देने में मदद करने का आग्रह किया है और उद्योगपति ने हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल की आधी बिस्तर यानी कुल 2,000 में से 1,000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए मुफ्त उपचार के लिए आरक्षित रखी जाएगी।
इस अवसर पर अदाणी ग्रुप के साथ दो एमओयु पर भी हस्ताक्षर किए गए। इसमें पहला एमओयू- ऐतिहासिक 'राइटर्स बिल्डिंग' के जीर्णोद्धार के लिए और दूसरा दुर्गापूजा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि यह एक विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं वाला अस्पताल और चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र होगा। इससे भविष्य के डाक्टरों को प्रशिक्षित करने में मदद मिलेगी और पूर्वी तथा पूर्वोत्तर क्षेत्रों को लाभ होगा।
शुभेंदु ने कहा कि परिसर आगे चलकर पूरी तरह एकीकृत स्वास्थ्य सेवा शहर के रूप में विकसित होगा, जिसमें छात्रों के लिए आवासीय सुविधाएं, छात्रावास और कर्मचारियों के लिए आवास के साथ उन्नत बुनियादी ढांचा और उपयोगिता प्रणालियां होंगी। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से पूर्वोत्तर राज्यों और पड़ोसी देशों से चिकित्सा पर्यटकों को आकर्षित करने की भी उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में अदाणी समूह की भागीदारी अस्पताल परियोजना तक सीमित नहीं है। उन्होंने ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के पुनरुद्धार में समूह की भूमिका और राज्य के सबसे बड़े त्योहार दुर्गा पूजा के साथ उसके जुड़ाव का भी उल्लेख किया।
शुभेंदु और गौतम अदाणी के बीच हुई बैठक
अस्पताल के शिलान्यास के बाद अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी की मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ अलीपुर स्थित सौजन्य में अलग से बैठक भी हुई। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को लेकर दोनों के बीच चर्चा हुई। इधर, कोलकाता के न्यूटाउन में अदाणी ग्रुप के 2,000 बेड वाले प्रस्तावित अस्पताल को हेल्थकेयर सेक्टर में निवेश लाने के लिए राज्य सरकार की कोशिशों के तौर पर देखा जा रहा है।
