दुरंतो एक्सप्रेस का एसी बंद, 8 घंटे गर्मी में उबले यात्री एक की गर्मी से तबीयत बिगड़ जाने पर मौत
दुरंतो जैसी ट्रेन में एसी खराब हो जाने से करीब 8 घंटे तक यात्री गर्मी में उबलते रहे। कई यात्रियों की तबीयत भी बिगड़ गई।एक यात्री की गर्मी से तबीयत बिगड़ जाने पर मौत हो गई।
जेएनएन, कोलकाता : दुरंतो जैसी ट्रेन में एसी खराब हो जाने से करीब 8 घंटे तक यात्री गर्मी में उबलते रहे। कई यात्रियों की तबीयत भी बिगड़ गई। सूचना के बाद भी रेल प्रशासन शिकायत को अनसुना किए रहा। भुवनेश्वर में ट्रेन के पहुंचने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा काटा। इसके बाद एक एसी टेक्नीशियन को भेजा गया। फिर भी कोई खास सफलता नहीं मिल पाई। आरोप है कि इलाज को जा रहे एक यात्री की गर्मी से तबीयत बिगड़ जाने पर मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार गत शनिवार सुबह 10.50 बजे 12245 दुरंतो एक्सप्रेस हावड़ा से यशवंतपुर के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों का आरोप है कि इसके कुछ देर बाद ही बी-1, बी-2 और ए-1 कोच में एसी ने काम करना बंद कर दिया। भीषण गर्मी के बीच एसी ठप हो जाने से बंद कोच के अंदर का तापमान चढ़ गया था। इसके चलते ट्रेन में सवार कई यात्रियों की तबीयत भी बिगड़ गई थी। ऑन ड्यूटी रेल कर्मचारियों को सूचना देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
आखिरकार यात्रियों ने लिखित शिकायत करने के साथ ही रेलवे की वेब साइट पर भी शिकायत दर्ज करा दी। इसके बावजूद रेल प्रशासन ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। गर्मी के चलते कोच में सवार करीब चार माह के अस्वस्थ बच्चे के साथ ही उपचार को जा रहे अन्य रोगियों की तबीयत और बिगड़ गई। शाम करीब सात बजे ट्रेन के भुवनेश्वर पहुंचने पर बच्चे के परिजनों ने अन्य यात्रियों के साथ स्टेशन मास्टर के समक्ष विरोध जताया। इसी बीच बिना सूचना दिए गार्ड ने ट्रेन चलवा दी जिससे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। एक महिला ने ट्रेन में चढ़कर चैन खींच दी। इससे गुस्साए यात्रियों ने एक बार फिर स्टेशन मास्टर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ता देख रेल प्रशासन ने एक टेक्नीशियन को भेजकर एसी ठीक करवाया।
आरोप है कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रेन के आंध्र प्रदेश में प्रवेश करने के दौरान कोच में सवार सागर बादुड़ी नामक एक मरीज की मौत हो गई। ट्रेनों में एसी खराब होने की घटना नई नहीं है। हावड़ा से नार्थ ईस्ट को जाने वाली ट्रेनों में भी एसी के काम नहीं करने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। यशवंतपुर दुरंतो की इस घटना के बाद एसी के रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाले विभागीय अधिकारियों पर भी सवाल खड़े होना लाजिमी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप