TMC नेता अभिषेक बनर्जी के PA सुमित राय गिरफ्तार, कई अन्य नेता भी जांच के घेरे में
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय को जमीन भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किया गया है।

अभिषेक बनर्जी के PA सुमित राय गिरफ्तार
HighLights
अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय जमीन भ्रष्टाचार में गिरफ्तार।
सुमित पर शालबनी में सरकारी जमीन अवैध रूप से बेचने का आरोप।
अभिषेक के कई करीबी नेता भी विभिन्न मामलों में जांच के दायरे में।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के करीबियों पर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई तेज हुई है। गुरुवार को अभिषेक के कालीघाट स्थित आवास से जमीन भ्रष्टाचार मामले में उनके निजी सहायक सुमित राय की गिरफ्तारी के बाद यह सिलसिला फिर चर्चा में है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, अभिषेक के करीबियों के खिलाफ जमीन, नियुक्ति, आर्थिक अनियमितता, रंगदारी और हिंसा समेत कई मामलों की जांच चल रही है। इनमें कालीघाट के काकू के नाम से चर्चित सुजयकृष्ण भद्र, तृणमूल नेता देबराज चक्रवर्ती, जहांगीर खान और शौकत मोल्ला शामिल हैं।
अभिषेक के निजी सहायक सुमित पर आरोप है कि प्रभावशाली राजनीतिक लोगों के साथ मिलकर शालबनी में बड़ी मात्रा में सरकारी जमीन को छोटे-छोटे हिस्सों में अवैध तरीके से बेचा गया। अभिषेक से जुड़े अन्य मामलों में भी सुमित की भूमिका की जांच की जा रही है।
सुमित को मेदिनीपुर जिला अदालत ने शुक्रवार को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। देबराज पर रंगदारी, मारपीट, धमकी और आय से अधिक संपत्ति समेत कई आरोप लगाए गए हैं। उन्हें पुरुलिया से गिरफ्तार किया गया।
अभिषेक के करीबी नेताओं में गिने जाने वाले जहांगीर खान पर अवैध संपत्ति, आर्थिक अनियमितता, जमीन पर कब्जा और हिंसा फैलाने समेत कई आरोप हैं।
डायमंड हार्बर में अभिषेक के सांसद बनने के बाद शौकत मोल्ला को उनका करीबी माना जाता रहा है। शौकत पर सामूहिक दुष्कर्म, शारीरिक उत्पीड़न, आपत्तिजनक तस्वीरों व वीडियो के जरिए ब्लैकमेल, बमबाजी और भ्रष्टाचार समेत कई आरोप लगे हैं। नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में कालीघाट के काकू के नाम से चर्चित सुजयकृष्ण की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।
