ममता की हिरासत पर अभिषेक का भाजपा पर हमला, बोले- आम लोगों के विरोध से इतनी घबराहट क्यों
दिल्ली में ममता बनर्जी और टीएमसी नेताओं की हिरासत पर अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

ममता की हिरासत पर अभिषेक का भाजपा पर हमला। (पीटीआई)
HighLights
अभिषेक ने ममता की हिरासत पर भाजपा को घेरा।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन रोकने को लोकतंत्र पर हमला बताया।
मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी की मांग की।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार जनता के समर्थन से चुनी गई है तो उसे आम लोगों के विरोध-प्रदर्शन से डर क्यों लग रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए दिल्ली में पुलिस ने कार्रवाई की और करीब 2500 लोगों को हिरासत में लिया।
अभिषेक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि उनके खिलाफ कार्रवाई होने पर भाजपा के शीर्ष नेता भी बच नहीं पाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में वोटों की कथित चोरी के विरोध में ममता बनर्जी और पांच सांसद बस स्टाप पर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे, लेकिन उन्हें भी प्रदर्शन करने से रोक दिया गया। अभिषेक ने इस कार्रवाई की तुलना हिटलर के दौर से करते हुए इसे उससे भी आगे की स्थिति बताया।
तृणमूल ने बताया लोकतंत्र के लिए काला दिन
दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे तृणमूल कांग्रेस के सांसदों और नेताओं को हिरासत में लिया। इसके बाद पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पुलिस कार्रवाई को 'सुपर इमरजेंसी' करार दिया।
तृणमूल ने आरोप लगाया कि नेताओं को नारे लगाने और पोस्टर दिखाने से रोका गया तथा उन्हें पुलिस वैन में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। पार्टी ने इसे असहमति जताने के संवैधानिक अधिकार का उल्लंघन बताते हुए लोकतंत्र के लिए काला दिन कहा।
