बंगाल उपचुनाव में फर्जी वोट के दावे पर घिरे अभिषेक बनर्जी, गलत जानकारी देने के आरोप में शिकायत दर्ज
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के खिलाफ मुर्शिदाबाद के रेजीनगर थाने में शिकायत दर्ज की गई है। उन ...और पढ़ें

बंगाल उपचुनाव में फर्जी वोट के दावे पर घिरे अभिषेक बनर्जी (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल में उपचुनाव के नतीजे आने के अगले दिन शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ मुर्शिदाबाद के रेजीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
उन पर उपचुनाव की मतगणना के दिन 109 नंबर बूथ को लेकर इंटरनेट मीडिया पर गलत जानकारी प्रसारित करने का आरोप है। शिकायत रिटर्निंग अधिकारी की ओर से दर्ज कराई गई है।
अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को एक पोस्ट में दावा किया था कि रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र के 109 नंबर बूथ पर कुल 772 मतदाता हैं, जबकि भाजपा को 909 वोट मिले। उन्होंने हुमायूं कबीर की पार्टी को एक वोट मिलने की बात भी लिखी थी।
इस पोस्ट के बाद राज्य की राजनीति में विवाद शुरू हो गया। मुर्शिदाबाद पुलिस जिला प्रशासन ने भी पोस्ट में दी गई जानकारी को गलत बताया था।
चुनाव आयोग के अनुसार, 109 नंबर बूथ की मतदाता सूची में कुल 1109 मतदाता हैं। इनमें 575 पुरुष और 534 महिला मतदाता शामिल हैं। उपचुनाव में इस बूथ पर कुल 972 वोट पड़े थे।
अब इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई है कि मामले की जांच के सिलसिले में अभिषेक को पूछताछ के लिए रेजिनगर बुलाया जा सकता है या नहीं।
