ट्रेन के ज्वाइंट बाक्स में आग लगने से हड़कंप
हावड़ा-जयनगर पैसेंजर ट्रेन के कोच के नीचे बने ज्वाइंट बाक्स में आग लगने से हड़कंप मच गया। चालक की नजर पड़ने पर ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया।
हावड़ा, जागरण संवाददाता। हावड़ा-जयनगर पैसेंजर ट्रेन के कोच के नीचे बने ज्वाइंट बाक्स में आग लगने से हड़कंप मच गया। चालक की नजर पड़ने पर ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया। पांडुआ के स्टाफ ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
उधर, मरम्मत के लिए हावड़ा से मैकेनिक के देरी से पहुंचने पर करीब 2 घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। सूत्रों के अनुसार शनिवार सुबह करीब सवा सात बजे हावड़ा से रवाना हुई थी 53041 अप जयनगर पैसेंजर ट्रेन।
सुबह करीब 8.53 बजे हुगली जिले के पांडुआ स्टेशन में प्लेटफार्म 3 पर प्रवेश करने से इंजन से पीछे वाले कोच के नीचे लगे ज्वाइंट बाक्स से आग की लपटें निकलने लगी। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। चालक की नजर पड़ते ही उसने तत्काल ट्रेन को रोक दिया वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
इसके बाद घटना की सूचना स्टेशन प्रबंधक के साथ कंट्रोल रूम को दी गई। कर्मचारियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
आग की वजह शार्ट सर्किट बताया गया। उधर, हावड़ा से मैकेनिक के पहुंचने के बाद खराबी की दुरुस्त कर ट्रेन को पूर्वाह्न करीब 11.10 बजे जयनगर के लिए रवाना किया गया। स्टाफ के देरी से पहुंचने पर यात्रियों ने गुस्से का इजहार किया। रेल प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।