International Border : अवैध तरीके से सीमा पार करने की कोशिश करते एक नाइजीरियन नागरिक व भारतीय महिला गिरफ्तार
International Border सुबह लगभग 430 बजे जवानों ने एक पुरुष तथा एक महिला को देखा जो कि भारत की तरफ से बॉर्डर रोड क्रॉस करके बांग्लादेश की तरफ जाने का प्रयास कर रहे थे। बीएसएफ के जवान ने तुरंत पीछा किया और दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बंगाल के नदिया जिले से अवैध तरीके से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर उस तरफ जाने की कोशिश करते हुए एक नाइजीरियन नागरिक एवं एक भारतीय महिला को मंगलवार को गिरफ्तार किया। बीएसएफ के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर की ओर से एक बयान में बताया गया कि खुफिया शाखा से सीमा चौकी हाजराखाल, 8वीं बटालियन के इलाके से अवैध क्रॉसिंग की खबर मिलने पर ड्यूटी पर तैनात सभी जवानों को सतर्क कर दिया गया।
सुबह लगभग 4:30 बजे जवानों ने लिया हिरासत में
सुबह लगभग 4:30 बजे जवानों ने एक पुरुष तथा एक महिला को देखा जो कि भारत की तरफ से बॉर्डर रोड क्रॉस करके बांग्लादेश की तरफ जाने का प्रयास कर रहे थे। बीएसएफ के जवान ने तुरंत पीछा किया और दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। इसके पश्चात दोनों को सीमा चौकी हाजराखाल में लाया गया।
103ए ब्लॉक, अंसल गोल्फ लिंक, ग्रेटर नोएडा में रहता
प्रारंभिक पूछताछ में इनमें से एक युवक ने अपना नाम चिकान्ह्सौ ईबेजीम (23) बताया और कहा कि वह मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है। वर्तमान में वह 103ए ब्लॉक, अंसल गोल्फ लिंक, ग्रेटर नोएडा, भारत में रहता है। वहीं महिला ने अपना नाम लक्ष्मी राजवंशी (50) बताया। वह उत्तर 24 परगना के खुदीराम पाली, कचरापारा की रहने वाली है।
2015 में छात्र वीजा पर भारत आया था नाइजीरियन युवक
नाइजीरियन नागरिक ने आगे बताया कि वह भारत में अक्टूबर 2015, में छात्र वीजा पर आया था और यहां रह कर उसने मेवाड़ विश्वविद्यालय से बीटेक किया। अपनी पढ़ाई पूरी करने के पश्चात वह दिल्ली आया और वहीं रहने लगा। 27 सितंबर की शाम को वह दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठा और अगले दिन कोलकाता पहुंचा। कोलकाता से टैक्सी के द्वारा बनगांव पहुंचा और वहां से से फिर नदिया के सीमावर्ती गांव बगुला आया।
पैसों का भुगतान माता-पिता के द्वारा नाइजीरिया से किया था
बगुला में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार करने हेतु वह एक अनजान दलाल के संपर्क में आया। इस दलाल को सीमा पार कराने के लिए पैसों का भुगतान उसके माता-पिता के द्वारा नाइजीरिया से किया गया था। उसने आगे बताया कि वह अलग-अलग जगहों पर घूमने का शौकीन हैं और आज वह घूमने के लिए बांग्लादेश जा रहा था।
कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों को हंसखली थाने को सौंपा गया
वहीं, महिला ने बताया कि वह कचरापारा की रहने वाली है और उसका पति बगुला में मजदूरी करता है। बीते दिन वह बगुला आई थी और एक अनजान दलाल को 7000 रुपये देकर वह बांग्लादेशी गांव - मावा, पोस्ट - लुबाबगंज, जिला - ढाका में अपनी मां के मृत्यु के उपरांत होने वाले संस्कार में जा रही थी। बीएसएफ ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों को हंसखली थाने को सौंप दिया है।
बीएसएफ का अभियान, अभी आसान नहीं है सीमा पार करना
गौरतलब है कि बीएसएफ का दक्षिण बंगाल फ्रंटियर इन दिनों भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मानव तस्करी, अवैध घुसपैठ व तस्करी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। जिस कारण से मानव तस्करों तथा अवैध प्रवासियों को अपनी योजना को अंजाम देने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा हैं। इनमें से कई पकड़े जा रहे हैं और अपराध करने के लिए उन्हें दंडित किया जा रहा है।