इसी साल उतारी जाएंगी और 60 इलेक्ट्रिक बसें: ममता
- 50 हजार नये वाहन चलाने का दावा, शुभारंभ की गई 20 इलेक्ट्रिक बसें राज्य ब्यूरो, कोलकाता: मुख्य
- 50 हजार नये वाहन चलाने का दावा, शुभारंभ की गई 20 इलेक्ट्रिक बसें
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि पिछले छह-सात वषरें में अब तक सरकार ने आम यात्रियों के लिए 50 हजार नये वाहन सड़कों पर उतारे है। चालू वित्त वर्ष में ही और 60 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को नवान्न से 20 इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ करने के मौके पर यह बातें कही। उन्होंने इसके साथ ही 20 प्राकृतिक गैस संचालित बस और 10 पिंक कैब परिसेवा का भी शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जादवपुर में नवनिर्मित बस टर्मिनल का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को उन्नत यात्री परिसेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदूषण मुक्त यात्री परिसेवा पर जोर दिया जा रहा है। इस मौके पर परिवहन मंत्री शुभेंदू अधिकारी, लोकनिर्माण मंत्री अरुप विश्वास, मुख्य सचिव मलय दे और सांसद मनीष गुप्त, समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
परिवहन मंत्री शुभेंदू अधिकारी ने अपने जारी बयान में कहा कि 80 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के लिए टेंडर जारी किया गया था। फिलहाल 20 बसें ही पाई गई है जो आज से ही महानगर के विभिन्न रुटों में चलने लगी। शेष 60 इलेक्ट्रिक बसें चालू वित्त वर्ष में इसी साल के अंदर चालू कर दी जाएंगी। इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए महानगर में कुछ निर्दिष्ट जगहों पर चार्जिग केंद्र तैयार किए गए हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए गति धारी परियोजना के तहत 10 महिलाओं को पिंक कैब प्रदान किए गए। इस तरह गतिधारा के तहत 12 हजार 177 लोग लाभान्वित हुए हैं। इस पर सरकार ने 90 करोड़ रुपये खर्च किए है। 4.58 करोड़ की लागत से जादवपुर में नया बस टर्मिनल तैयार किया गया जिसका उद्घाटन भी मुख्यमंत्री ने आज किया है।