विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तमिलनाडु से 50 बांग्लादेशी घुसपैठियों को हावड़ा लाया गया, जल्द होगा पुश बैक

Published: Sun, 05 Jul 2026 10:57 PM (GMT+05:30)

तमिलनाडु पुलिस 50 बांग्लादेशी घुसपैठियों को हावड़ा स्टेशन लेकर पहुंची, जिन्हें बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया के तहत हरिदासपुर सीमा पर बीएसएफ को सौंपा जाएगा।

तमिलनाडु से बंगाल लाते घुसपैठिए। (सोशल मीडिया)

तमिलनाडु से बंगाल लाते घुसपैठिए। (सोशल मीडिया)

HighLights

  1. तमिलनाडु से 50 बांग्लादेशी घुसपैठियों को हावड़ा लाया गया।

  2. इन्हें हरिदासपुर सीमा पर बीएसएफ को सौंपा जाएगा।

  3. अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे ये घुसपैठिए।

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। तमिलनाडु पुलिस 50 बांग्लादेशी घुसपैठियों को बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया के तहत रविवार तड़के हावड़ा स्टेशन लेकर पहुंची। इनमें 44 पुरुष और छह महिलाएं शामिल हैं।

डाउन तिरुचिरापल्ली-हावड़ा एक्सप्रेस से लाए गए सभी लोगों को कड़ी सुरक्षा के बीच दो बसों से उत्तर 24 परगना के हरिदासपुर सीमा क्षेत्र के लिए रवाना किया गया। तमिलनाडु पुलिस उन्हें हरिदासपुर सीमा पर औपचारिक रूप से बीएसएफ को सौंपेगी। इसके बाद बीएसएफ उन्हें बांग्लादेश के संबंधित अधिकारियों के हवाले करेगी।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी लोगों के पास भारत में रहने के वैध दस्तावेज नहीं थे। जांच में पता चला कि इनमें से अधिकांश दलालों को पैसे देकर सीमा पार कर भारत में दाखिल हुए थे और बाद में काम की तलाश में तमिलनाडु पहुंचकर अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे।

विभिन्न स्थानों पर चलाए गए अभियान में तमिलनाडु पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। निर्वासन की प्रक्रिया पूरी होने तक सभी को सलेम जिले के आट्टूर उपमंडल परिसर स्थित विशेष शिविर में रखा गया था। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद तीन जुलाई को उन्हें विशेष पुलिस वाहनों से तिरुचिरापल्ली ले जाया गया, जहां से ट्रेन के जरिए हावड़ा पहुंचाया गया।

हावड़ा स्टेशन पर सुबह से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ट्रेन पहुंचने के बाद किसी को भी घुसपैठियों के पास जाने की अनुमति नहीं दी गई। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अवैध घुसपैठ के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। बांग्लादेशी और रोहिंग्या संदिग्धों के लिए विभिन्न जिलों में होल्डिंग सेंटर बनाए गए हैं, जहां उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक रखा जाता है। इसके बाद उन्हें बांग्लादेश भेजने की कार्रवाई की जाती है।