क्लर्क की परीक्षा में नकल करते 50 गिरफ्तार
कोलकाता शहर में रविवार को क्लर्क पद की भर्ती के लिए हुई परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल करते हुए अलग-अलग स्थानों से 50 उम्मीदवारों को गिरफ्तार किया गया है।
By Edited By: Published: Mon, 17 Dec 2018 09:36 PM (IST)Updated: Tue, 18 Dec 2018 04:00 PM (IST)
जागरण संवाददाता, कोलकाता। शहर में रविवार को क्लर्क पद की भर्ती के लिए हुई परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल करते हुए अलग-अलग स्थानों से 50 उम्मीदवारों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग ब्लूटूथ डिवाइस की मदद से परीक्षा में नकल कर रहे थे। उनके पास से कई ब्लूटूथ डिवाइस, मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को शहर के विभिन्न कालेजों में क्लर्क पद की भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन किया गया था। परीक्षा के दौरान कुछ उम्मीदवारों की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उनकी जांच की गई। जांच के दौरान उनके पास से ब्लूटूथ डिवाइस, मोबाइल व अन्य उपकरण बरामद हुए। सबसे पहले साउथ सिटी कॉलेज में सात मुन्नाभाई को पकड़ा गया। परीक्षा हाल में उनकी संदिग्ध गतिविधि को देखकर पुलिस को खबर दी गई। पुलिस ने वहां पहुंचकर सात लोगों को गिरफ्तार किया। इस घटना के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। इसके बाद विभिन्न परीक्षण केंद्रों से कई मुन्नाभाई पकड़े गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शहर में विभिन्न कालेजों से नकल करते हुए 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से कई इलेक्ट्रानिक डिवाइस, ब्लूटूथ, मोबाइल, चिप व अन्य सामान बरामद हुए हैं। सूत्र ने बताया कि ये लोग मोबाइल फोन लेकर परीक्षा में बैठे थे। साथ ही माइक्रो ब्लूटूथ डिवाइस केमाध्यम से नकल कर रहे थे। यह डिवाइस इतनी छोटी थी कि ध्यान से देखने पर ही दिखाई देगी। इसी डिवाइस की मदद से उन्हें बाहर से उत्तर बताया जा रहा था। सूत्र ने आगे बताया कि इस तकनीक का उपयोग केवल साउथ सिटी कालेज ही नहीं बल्कि शहर के अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी किया जा रहा था। पुलिस को खबर मिलते ही पुलिस ने अभियान चलाते हुए 50 लोगों को गिरफ्तार किया। जिसमें रवींद्र सरोवर थानांतर्गत क्षेत्र से सात, गरियाहाट थानांतर्गत क्षेत्र से 13 के अलावा जादवपुर, बेहला पर्णश्री भवानीपुर व अन्य स्थानों से कुल 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया। सूत्र ने बताया कि ज्यादातर उम्मीदवार नादिया और मुर्शिदाबाद के निवासी हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस हाइटेक नकल गिरोह को नदिया से संचालित किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इसी वर्ष राज्य पुलिस के कांस्टेबल पद की परीक्षा में हाईटेक नकल करते हुए कई उम्मीदवारों को गिरफ्तार किया गया था। इसमें भी नदिया व मुर्शिदाबाद के ज्यादा उम्मीदवार थे।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें