मछलियां पकड़ने से रोकने पर वनकर्मियों पर हमला, पांच जख्मी
दक्षिण 24 परगना जिले के रामगंगा के संरक्षित इलाके में गैरकानूनी तरीके से मछलियां कर रहे गांववालों को रोकने पर वनकर्मियों पर हमला कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के रामगंगा के संरक्षित इलाके में गैरकानूनी तरीके से मछलियां कर रहे गांववालों को रोकने पर वनकर्मियों पर हमला कर दिया गया। वनकर्मियों को मारने-पीटने के अलावा रामगंगा रेंज दफ्तर में भी तोड़फोड़ की गई, जिसमें पांच वन कर्मी घायल हो गए। इस बाबत थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वन कर्मियों को मंगलवार को कुछ मछुआरों द्वारा प्रतिबंधित क्षेत्र में मछली पकड़ने की गुप्त सूचना मिली थी। वन कर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए और वर्जित क्षेत्र में मछली पकड़ रहे मछुआरों को हिरासत में ले लिया। जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई, तो सैकड़ों की संख्या में रामगंगा रेंज दफ्तर पर हमला कर दिया। वहां मौजूद वन कर्मियों को मारा-पीटा और तोड़फोड़ की गई। इसके बाद गांववाले अपने साथियों को छुड़ा ले गए।