विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: मुर्शिदाबाद के गर्ल्स हॉस्टल में पनीर की सब्जी खाने से 44 छात्राएं बीमार, नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप

Published: Mon, 12 Oct 2026 11:43 PM (IST)

मुर्शिदाबाद के बहरमपुर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिली पनीर की सब्जी खाने से 44 छात्राएं बीमार पड़ गईं।

मुर्शिदाबाद गर्ल्स हॉस्टल में नशीली पनीर सब्जी से 44 छात्राएं बीमार

मुर्शिदाबाद गर्ल्स हॉस्टल में नशीली पनीर सब्जी से 44 छात्राएं बीमार

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुर्शिदाबाद के बहरमपुर में टेक्सटाइल कालेज मोड़ के पास स्थित केंद्रीय अनुसूचित जाति गर्ल्स हास्टल में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाए गए पनीर की सब्जी खाने से कम से कम 44 छात्राएं बीमार पड़ गईं।

छात्राओं ने चक्कर आने, जी मिचलाने और बार-बार गला सूखने की शिकायत की। कुछ छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भोजन में नशीला पदार्थ मिलाने के आरोप में पुलिस ने हास्टल के एक रसोइये को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, भोजन में क्या मिलाया गया था, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

छात्राओं के अनुसार, शनिवार रात खाना खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में उन्हें खाद्य विषाक्तता की आशंका हुई, लेकिन बाद में कुछ छात्राओं ने आरोप लगाया कि रात के भोजन में नशीला पदार्थ मिलाया गया था। उनका दावा है कि पनीर की सब्जी तैयार करते समय रसोइये ने उसमें कुछ मिलाया था। जिन दो छात्राओं ने यह सब्जी नहीं खाई, उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई।

हास्टल की रसोई के सीसीटीवी फुटेज में आरोपित रसोइये को कड़ाही में कुछ मिलाते हुए देखा गया है। हालांकि, फुटेज की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और उसमें दिखाई देने वाली गतिविधि से किसी नशीले पदार्थ की पहचान नहीं की जा सकती।

छात्राओं की शिकायत पर जांच शुरू

छात्राओं के बीमार होने की सूचना मिलने पर अभिभावक हास्टल पहुंचे। कुछ छात्राओं को मुर्शिदाबाद मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया। कुछ छात्राओं ने बहरमपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और हिरासत में लिए गए रसोइये से पूछताछ हो रही है।

अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि छात्राओं के बीमार पड़ने के बाद हास्टल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी। प्रबंधन का कहना है कि उस समय प्राथमिकता छात्राओं को अस्पताल पहुंचाने की थी।