कोई पहनता था साड़ी तो कोई नाइटी...बंगाल के पुरुलिया में होटल में छिपे 4 संदिग्ध बांग्लादेशी गिरफ्तार
पुरुलिया में तीन महीने से अधिक समय से महिलाओं के कपड़े पहनकर एक होटल में रह रहे चार संदिग्ध बांग्लादेशी ...और पढ़ें

महिलाओं के वेश में रह रहे चार संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
HighLights
पुरुलिया में चार संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार हुए।
तीन महीने से अधिक महिलाओं के कपड़े पहनकर होटल में रहे।
फर्जी आधार कार्ड इस्तेमाल किया, पुलिस उद्देश्य जांच रही है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के पुरुलिया शहर के एक होटल में तीन महीने से अधिक समय से महिलाओं के कपड़े पहनकर रह रहे चार संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रघुनाथपुर में साड़ी पहनकर घूम रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पूछताछ के बाद पुरुलिया शहर में छिपे तीन अन्य लोगों का पता चला।
पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर डिटेंशन कैंप में रखा है और उनसे अलग-अलग चरणों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वे अवैध रूप से भारत में कैसे आए और पुरुलिया में छिपने के पीछे उनका उद्देश्य क्या था।
पुलिस के अनुसार, चारों संदिग्ध करीब तीन महीने से अधिक समय से पुरुलिया शहर के एक होटल में रह रहे थे। उन्होंने उत्तर 24 परगना की निवासी मणि सरकार नामक महिला के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर कमरा बुक कराया था।
चारों हमेशा महिलाओं के कपड़े पहनकर रहते थे, इसलिए होटल मालिक, सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों को उनके बांग्लादेशी नागरिक होने का संदेह नहीं हुआ। चारों के साथ कुछ अन्य तृतीय लिंग के लोग भी रहते थे। वे क्या काम करते थे और कहां से आए थे, इसकी जानकारी होटल कर्मचारियों को नहीं थी।
एक ही आधार कार्ड पर कई लोगों के लंबे समय तक रहने की अनुमति देने को लेकर होटल प्रबंधन की भूमिका पर भी पुलिस सवाल उठा रही है।
रघुनाथपुर में पूछताछ से खुला राज
13 सितंबर को रघुनाथपुर में साड़ी पहने एक संदिग्ध व्यक्ति को घूमते देख पुलिस ने उससे पूछताछ की। उसने अपना नाम मोहम्मद तौहिद मंडल बताया और खुद को बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले के पांशा थाना क्षेत्र के हाबासपुर गांव का निवासी बताया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह एक सितंबर को कई अन्य बांग्लादेशी नागरिकों के साथ नदिया जिले से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। उसकी जानकारी के आधार पर पुरुलिया टाउन थाना पुलिस ने शहर के एक आवास में छापेमारी कर मोहम्मद जाहिद इमन, सुमन शेख और शांत हुसैन को भी पकड़ लिया।
तीनों के पते बांग्लादेश के राजबाड़ी और कुश्तिया जिलों के बताए गए हैं। चारों को रघुनाथपुर स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। पुलिस ने उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने के लिए संबंधित अधिकारियों से अनुमति लेने समेत आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
