बांकुड़ा में तीन माओवादी नेताओं ने हथियारों के साथ किया आत्मसमर्पण
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में बुधवार को तीन माओवादी नेताओं ने हथियारों के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं।

बांकुड़ा में तीन माओवादी नेताओं ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।(फाइल फोटो)
HighLights
बांकुड़ा में तीन माओवादी नेताओं ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।
इनमें दो महिला सदस्य और एक क्षेत्रीय कमेटी सदस्य शामिल हैं।
पुलिस से लूटे गए इंसास, एके-47 जैसे हथियार भी सौंपे गए।
राज्य ब्यूरो,कोलकाता। बंगाल के बांकुड़ा जिले में बुधवार को भाकपा (माओवादी) के तीन नेताओं ने हथियारों के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों करीब दो दशक से माओवादी गतिविधियों से जुड़े थे और उनके खिलाफ 75 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, जाबा महतो उर्फ बुलु और नयनतारा साहू उर्फ मीता संगठन की जोनल कमेटी की सदस्य थीं। रामप्रसाद मंडी उर्फ सचिन बंगाल, झारखंड और ओडिशा क्षेत्र की रीजनल कमेटी का सदस्य था। तीनों बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर के अलावा झारखंड के कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय थे। उनके खिलाफ यूएपीए, हथियार और विस्फोटक कानूनों के तहत भी मामले दर्ज हैं।
पुलिस से लूटे हथियार जमा किए
पुलिस ने बताया कि तीनों ने दो इंसास राइफल, एक एके-47, 10 मैगजीन और 154 कारतूस जमा किए। पुलिस के अनुसार, ये हथियार पहले पुलिस से लूटे गए थे। तीनों ने बंगाल पुलिस के एडीजी (पश्चिमी क्षेत्र) आनंद कुमार और बांकुड़ा के पुलिस अधीक्षक पीवीजी सतीश की मौजूदगी में आत्मसमर्पण किया। जाबा ने कहा कि वह समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहती है और नई शुरुआत करना चाहती है।
