दुष्कर्म के आरोपित को भगाकर ले जाने की कोशिश करते तीन गिरफ्तार
न्यूटाउन थानांतर्गत गीतांजली पार्क फ्लाइओवर इलाके में दुष्कर्म के आरोपित को पुलिस की गिरफ्त से भगाकर ले जाने की कोशिश करते तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : न्यूटाउन थानांतर्गत गीतांजली पार्क फ्लाइओवर इलाके में दुष्कर्म के आरोपित को पुलिस की गिरफ्त से भगाकर ले जाने की कोशिश करते तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। उनके नाम सतरूप चौधरी, गौरव कुमार शॉ और सुमन घोष हैं। तीनों दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हरिदेवपुर थाने की पुलिस को इंद्रजीत कानूनगो नामक दुष्कर्म के एक आरोपित के न्यूटाउन में छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। उसी को गिरफ्तार करने गुरुवार रात पुलिस न्यूटाउन पहुंची थी। हरिदेवपुर व न्यूटाउन थानों की पुलिस ने संयुक्त रुप से न्यूटाउन के टीसीएस स्थित गीतांजली फ्लाइओवर इलाके में छापामारी की और इंद्रजीत को गिरफ्तार कर लिया। तभी प्रेस लिखी एक कार में बैठकर सुमन, गौरव और सतरुप वहां पहुंच गए। उनके और पुलिस के बीच इंद्रजीत को छुड़ाने को लेकर बहस होने लगी। तीनों पुलिस से हाथापाई पर उतारू हो गए। तभी मौके पर और पुलिसकर्मी पहुंच गए और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।