बिना मान्यता कॉलेज से बांटी जा रहीं थीं फर्जी डिग्रियां, बंगाल में फर्जी होम्योपैथी संस्थानों का भंडाफोड़
बंगाल में बिना मान्यता के होम्योपैथी की पढ़ाई कराने वाले 23 फर्जी संस्थानों का खुलासा हुआ है, जिनमें 'बायोकेमिक होमियो ...और पढ़ें

बंगाल में 23 फर्जी संस्थानों का खुलासा (यह तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।)
HighLights
बंगाल में 23 फर्जी होम्योपैथी संस्थान बिना मान्यता डिग्री बांट रहे थे।
'बायोकेमिक होमियो इंस्टीट्यूट' ने राज्य में 23 संस्थान खोल रखे थे।
पश्चिम बंगाल होम्योपैथी परिषद ने फर्जीवाड़े की जानकारी अधिकारियों को दी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल में मान्यता के बिना होम्योपैथी की पढ़ाई कराने और डिग्री के साथ पंजीकरण नंबर देने वाले कई फर्जी संस्थानों का राजफाश हुआ है। पता चला है कि ‘बायोकेमिक होमियो इंस्टीट्यूट’ नामक फर्जी संस्था ने राज्य में 23 संस्थान खोल रखे हैं।
पश्चिम बंगाल होम्योपैथी चिकित्सा परिषद ने राज्य के मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी है। परिषद के अनुसार, राज्य में होम्योपैथी चिकित्सा महाविद्यालय खोलने के लिए उसकी और राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग की अनुमति जरूरी है।
राज्य में होम्योपैथी चिकित्सकों को पंजीकरण देने के लिए अधिकृत संस्था भी वही है। परिषद के पंजीयक डा. मिथुन चक्रवर्ती के मुताबिक ‘बायोकेमिक होमियो इंस्टीट्यूट’ का मुख्य कार्यालय कूचबिहार में है। कूचबिहार के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी को इसकी सूचना दी गई और घुघुडांगा स्थित संस्थान के कार्यालय पर ताला लगा दिया गया।
उत्तर 24 परगना के अलावा दक्षिण 24 परगना के कैनिंग, सोनारपुर, हावड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में भी ऐसे फर्जी संस्थानों की जानकारी सामने आई है। परिषद ने सभी जिलाधिकारियों को मामले की जानकारी दी है। राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग को भी इसकी सूचना भेजी गई है।
कोलकाता पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त को भी अवगत कराया है। फर्जीवाड़े का एक और मामला कोलकाता के रिजेंट पार्क इलाके में सामने आया है। एक वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक ने परिषद को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उनके पंजीकरण नंबर का इस्तेमाल कर नदिया जिले में किसी व्यक्ति ने अपना चेंबर खोल लिया है।
परिषद के पंजीयक ने कहा कि फर्जी संस्थानों से पढ़ाई पूरी करने के बाद कुछ लोग चेंबर खोलकर बैठ जा रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान करना आसान नहीं है। होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन आफ इंडिया की महासचिव काकुली बंद्योपाध्याय कुंडू ने बताया कि परिषद की वेबसाइट पर चिकित्सकों की पंजीकृत सूची उपलब्ध है।
मरीज होम्योपैथी चिकित्सक से उपचार लेते समय पर्चे पर पंजीकरण नंबर जरूर देखें। परिषद की पंजीकृत चिकित्सक सूची में उस नंबर को जांचा जा सकता है।
