West Bengal : बंगाल में एक और भाजपा कार्यकर्ता का फंदे से झुलता हुआ शव मिला, तृणमूल कांग्रेस ने आरोप नकारा
Murder in West Bengal भाजपा ने तृणमूल पर लगाया राजनीतिक हत्या का आरोप। अब पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन इलाके में सोमवार को एक भाजपा कार्यकर्ता का फंदे से झुलता हुआ शव मिलने के बाद आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में राजनीतिक हत्याओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रही है। अब पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन इलाके में सोमवार को एक भाजपा कार्यकर्ता का फंदे से झुलता हुआ शव मिलने के बाद आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है। भाजपा ने इसे राजनीतिक हत्या बताते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया है। वहीं, तृणमूल ने आरोपों को खारिज कर दिया है।
हमें यकीन बुराई पर अच्छाई की जीत होगी
मृतक भाजपा कार्यकर्ता का नाम बच्चू बेरा है। प्रदेश भाजपा की ओर से कहा गया कि मेदनीपुर के दांतन इलाके में बच्चू की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। आगे कहा कि विजयादशमी के इस शुभ दिन पर हमें यकीन है कि मां दुर्गा की भूमि में बुराई पर अच्छाई की जीत होगी।
विजयदशमी पर भी 'राजनीतिक हत्या' करार
अगले वर्ष इन बुराइयों को इस पवित्र भूमि से मिटा दिया जाएगा। इधर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने भी इस घटना की कड़ी आलोचना करते हुए ममता सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया, 'विजयदशमी पर भी 'राजनीतिक हत्या'!
विजयवर्गीय ने भी की घटना की आलोचना
बंगाल की राजनीति में विपक्ष के कार्यकर्ताओं की हत्याएं रोजमर्रा की घटनाएं होती जा रही है। अब मेदिनीपुर के दांतन के एक भाजपा कार्यकर्ता बच्चू बेरा की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। काली माता इस हत्या के दोषियों को सजा जरूर देगी!'
कई कार्यकर्ताओं की कथित तौर पर हत्याएं
गौरतलब है कि हाल के दिनों में राज्य में भाजपा के कई कार्यकर्ताओं की कथित तौर पर हत्याएं हो चुकी है। भाजपा लगातार इसको लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल पर आरोप लगाती रही है। हालांकि तृणमूल इन आरोपों को खारिज करती रही है।