भाजपा नेताओं को बचाव कार्यों से रोकने पर भड़के कैलाश विजयवर्गीय, ममता पर गंभीर आरोप
Kailash Vijayvargiya विजयवर्गीय ने कहा कि पुलिस का सहारा लेकर जनता की सेवा में जाने वाले सांसद व जनप्रतिनिधियों को रोकने का काम ममता जी की सरकार कर रही हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: भाजपा के महासचिव व बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष सहित भाजपा के अन्य नेताओं को एम्फन चक्रवात पीड़ितों के लिए राहत व बचाव कार्य करने से रोके जाने पर ममता सरकार पर सोमवार को हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, लेकिन ममता जी की सरकार भाजपा नेताओं को रोकने में व्यस्त है। उन्हें समझ में नहीं आता है कि वास्तव में ममता भाजपा की दुश्मन है या फिर बंगाल की जनता का।
चक्रवात प्रभावित क्षेत्र में जा रहे दिलीप घोष को पुलिस ने रविवार को फिर रोक दिया था। विजयवर्गीय ने कहा कि पुलिस का सहारा लेकर जनता की सेवा में जाने वाले सांसद व जनप्रतिनिधियों को रोकने का काम ममता जी की सरकार कर रही हैं। वह स्वयं तो जनता की सेवा नहीं कर पा रही हैं। वहीं, जनता बिजली, पानी और अनाज के लिए त्राहि- त्राहि कर रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, विधायक, नेता और कार्यकर्ता सेवा के लिए जा रहे हैं, तो उन्हें भी रोक रही है। मुझे समझ में नहीं आता है, वह किसकी दुश्मन है।
उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि एक संवेदनशील मुख्यमंत्री के ऐसे कृत्य नहीं कर सकते। अप्रजातांत्रिक तरीके से उनके जनप्रतिनिधियों को कर्तव्य का निर्वहन करने से रोका जा रहा। क्या जनता की नजर में ऐसे मुख्यमंत्री को पद पर बने रहने का अधिकार है। वह वास्तव में बंगाल में प्रजातंत्र व प्रजातांत्रिक अधिकारों की हत्या कर रही हैं। उनके सांसद जॉन बारला विगत 40 दिनों से बंदी हैं। उन्हें काम करने नहीं दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने 1000 करोड़ रुपये का पैकेज देकर अपनी जवाबदेही निभाई है। गरीबों को 5 किलो प्रति व्यक्ति के आधार पर नि:शुल्क अनाज देने के लिए भेजा गया, लेकिन ममता सरकार के अधिकारी, नेता और कार्यकर्ता उस अनाज को भी गरीब व्यक्ति तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। बीच में ही दलाल और सिंडिकेट उस अनाज को बाजार में बेच रहे है। ममता जी बंगाल की जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी।