सीपी के अंगरक्षक को पुलिस कर्मियों ने पीटा, 2 गिरफ्तार
दशमी की रात साथी पुलिस कर्मियों के शराब पीने तथा छेड़छाड़ करने का विरोध करना चंदननगर पुलिस आयुक्त के अंगरक्षक को महंगा पड़ गया।
-आरोपित कोलकाता पुलिस का होमगार्ड और अग्निशमन कर्मी, दरोगा समेत कई फरार
-छेड़छाड़ का विरोध करने पर नशे में धुत पुलिसकर्मियों ने दिया घटना को अंजाम
...........
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दशमी की रात साथी पुलिस कर्मियों के शराब पीने तथा छेड़छाड़ करने का विरोध करना चंदननगर पुलिस आयुक्त के अंगरक्षक को महंगा पड़ गया। नशे में धुत पुलिसकर्मियों ने मिलकर अंगरक्षक की पिटाई कर दी। घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है जबकि कोलकाता पुलिस का दरोगा समेत कई लोग फरार हैं। सूत्रों के अनुसार टालीगंज स्थित राज्य पुलिस आवास में रहने वाला एएसआइ सुख सागर सिंह चंदननगर पुलिस आयुक्त अजय कुमार का अंगरक्षक है। शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह ड्यूटी से घर लौट रहा था। आरोप है कि उस वक्त कुछ पुलिसकर्मी बाहरी युवकों के साथ आवास परिसर में खड़े काफिले में चलने वाले वाहनों के पास शराब पी रहे थे। साथ ही उधर से गुजरने वाली महिलाओं पर तंज भी कस रहे थे। एएसआइ का आरोप है कि इसका विरोध करने पर कोलकाता पुलिस में तैनात अनीष हांसदा नामक दरोगा ने उन्हें लात मारी। इसके बाद नशे में धुत पुलिसकर्मियों और बाहरी युवकों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। शोर शराबा मचाने पर आरोपित फरार हो गए। घायल एएसआइ का अस्पताल में उपचार कराया गया। पीड़ित ने शनिवार सुबह जादवपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इस मामले में आला अधिकारी मुंह खोलने से बचते रहे। इस मामले में कोलकाता पुलिस के होमगार्ड शिव कुमार सिंह तथा अग्निशमन कर्मी बुबाई सामंत को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश डाली जा रही है।