एक लाख के जाली नोटों के साथ दो गिरफ्तार
-एक पिस्तौल व कारतूस बरामद, सीमावर्ती क्षेत्र में जाली नोटों को खपाने की थी योजना -गत 2 म
-एक पिस्तौल व कारतूस बरामद, सीमावर्ती क्षेत्र में जाली नोटों को खपाने की थी योजना
-गत 2 माह में 15 लाख के जाली नोटों को जब्त कर चुकी है पुलिस
जागरण संवाददाता, कोलकाता : बांग्लादेश सीमा के पास भारतीय क्षेत्र में बसे मुर्शिदाबाद जिले एक बार फिर पुलिस ने 1 लाख के जाली नोटों को जब्त किया है। इस मामले में 2 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के पास से एक पिस्तौल और 5 कारतूस भी बरामद हुए हैं। उक्त नोटों को बाजार में खपाने की तैयारी थी। गत 2 माह में पुलिस 15 लाख के जाली नोटों को जब्त कर चुकी है। सूत्रों के अनुसार मुखबिर की सूचना पर रविवार रात शमशेरगंज थाना पुलिस ने धुलियान फेरी घाट में छापेमारी कर 2 लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2-2 हजार के 1 लाख के जाली नोट जब्त किए हैं। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अब्दुल हलीम और अलीम हुसैन निवासी मालदा जिला के वैष्णवनगर बताया। उनके पास से 7.65 एमएम की पिस्तौल और 5 राउंड जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों लोग जाली नोटों को पहुंचाने के लिए कैरियर का काम करते हैं। नोटों को भारत-बांग्लादेश की सीमा से चोरी छिपे मालदा के रास्ते मुर्शिदाबाद में पहुंचाया जाता है। आरोपितों को सोमवार सुबह अदालत में पेश किया गया।