प्रदूषण रोकने को ट्रांसप्लांट थ्योरी अपनाएगा निगम
महानगर में दिन-ब-दिन बढ़ते प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए कोलकाता नगर निगम पौधारोपण पर जोर देने के साथ अब नई कार्य योजना पर काम कर रहा है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : महानगर में दिन-ब-दिन बढ़ते प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए कोलकाता नगर निगम पौधारोपण पर जोर देने के साथ अब नई कार्य योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत शहर में पेड़ों को काटने के बजाय तकनीक की मदद से उनके ट्रासप्लाट पर जोर दिया जा रहा है। यह जानकारी निगम के मेयर परिषद के सदस्य (पार्क एवं उद्यान) देवाशीष कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि निगम की इस योजना के बारे में जानकारी देने को व्यापक तौर पर प्रचार अभियान भी चलाया जाएगा। पार्क एवं उद्यान विभाग के एक अधिकारी ने बताया-'हम पेड़ों की कटाई के पक्ष में नहीं हैं। महानगर में पेड़ लगाने के लिए जमीन का अभाव है। कई बार किसी निर्माण कार्य के लिए पेड़ों को काट दिया जाता है। अब ऐसे मामलों में हम पेड़ को न काटकर उन्हें दूसरे स्थान पर ट्रासप्लाट करने की योजना पर विचार कर रहे हैं।'