ममता ने विधानसभा को बनाया सर्कस पार्टी : सुजन
जागरण संवाददाता कोलकाता संविधान दिवस के मौके पर विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र के दौरान रा
जागरण संवाददाता, कोलकाता : संविधान दिवस के मौके पर विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र के दौरान राज्यपाल जगदीप धनखड़ पर कटाक्ष करने को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा सिनेमाई गीत गाने को लेकर विपक्ष खासा नाराज है। इसी कड़ी में माकपा विधायक दल के नेता सुजन चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि ममता ने विधानसभा को सर्कस पार्टी में तब्दील कर दिया है। साथ ही उन्होंने विपक्षी विधायकों को अपमानित करने का भी आरोप लगाया। इधर, राज्यपाल पर मुख्यमंत्री के विवादित टिप्पणी पर निशाना साधते हुए माकपा विधायक ने कहा कि विधानसभा में लोगों की समस्याओं पर चर्चा होती है न कि फिल्मी गीत गाए जाते हैं, लेकिन इस सरकार ने सारी हदें पार कर दी है। हालांकि, मुख्यमंत्री द्वारा राज्यपाल पर की गई टिप्पणी के उस अंश को विधानसभा अध्यक्ष विमान बंद्योपाध्याय के निर्देश के बाद हटा जरूर दिया गया, लेकिन विपक्ष इसको लेकर खासा हमलावर है। सुजन ने कहा कि मुख्यमंत्री का इस तरह से बर्ताव विधानसभा के साथ ही राज्य को भी अपमानित करता है। विधानसभा कोई सर्कस पार्टी नहीं है, जहां गीत गा लोगों का मनोरंजन किया जाए। लेकिन मुख्यमंत्री को सदन की गरिमा का कोई खयाल नहीं है।