कोलकाता पुलिस की तत्परता से महिला को मिला खोया सामान
हावड़ा से टैक्सी में सवार होकर महिला बरानगर पहुंच गई। लेकिन जल्दबाजी के फेर में वह अपना ब्रीफकेस टैक्सी में ही भूल गई।पुलिस ने दो घंटे के भीतर टैक्सी को ढूंढ निकाला।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : हावड़ा से टैक्सी में सवार होकर महिला बरानगर पहुंच गई। लेकिन जल्दबाजी के फेर में वह अपना ब्रीफकेस टैक्सी में ही भूल गई। उसमें कीमती सामान व महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। थोड़ी देर बाद जब महिला को ब्रीफकेस की याद आई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस मुख्यालय लालबाजार पहुंचकर उसने घटना से अवगत कराया।
लालबाजार की सूचना पर तत्पर हुई पुलिस ने भवानीपुर इलाके से दो घंटे के भीतर टैक्सी को ढूंढ निकाला। इसके बाद ब्रीफकेस को बरामद कर महिला के सुपुर्द कर दिया। सूत्रों के अनुसार बीते गुरुवार शाम उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर निवासी अनुसुयां राय चौधरी नामक महिला हावड़ा से टैक्सी में सवार हुई थी। बरानगर पहुंचने के बाद महिला टैक्सी में ही अपना ब्रीफकेस छोड़कर चली गई।
थोड़ी देर में जब उसे अपने सामान की याद आई तो टैक्सी जा चुकी थी। बताया गया कि ब्रीफकेस में कीमती सामान व महत्वपूर्ण कागजात थे। घबराई हुई महिला सीधे कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार पहुंचकर घटना से अवगत कराया। लालबाजार की ओर से सभी थानों को सूचित कर टैक्सी को ढूंढने के निर्देश दिए गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद भवानीपुर थाना पुलिस ने टैक्सी को ढूंढ निकाला। इसके बाद ब्रीफकेस को बरामद कर महिला के सुपुर्द कर दिया गया।