बंगाल में ममता को फिर बड़ा झटका, कोलकाता के पूर्व मेयर व TMC विधायक भाजपा में हुए शामिल
कोलकाता के पूर्व मेयर व TMC विधायक सोवन चटर्जी ने दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।
कोलकाता, जेएनएन। कोलकाता नगर निगम के पूर्व मेयर व तृणमूल कांग्रेस विधायक शोभन चटर्जी अपनी महिला मित्र बैशाखी बनर्जी के साथ बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। दिल्ली में भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के वरिष्ठ नेता मुकुल राय और महासचिव अरुण सिंह की उपस्थिति में दोनों ने भाजपा का दामन थामा। दोनों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराने के बाद राय ने कहा कि वह उन नेताओं में से एक हैं, जिसने ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाने में बड़ा योगदान दिया है। शोभन कभी ममता के काफी करीबी नेताओं में माने जाते थे।
मुकुल ने दावा किया कि शोभन के आने के बाद से राज्य में भाजपा और मजबूत होगी और कोलकाता नगर निगम के लिए यदि चुनाव कराए जाते हैं तो निश्चित तौर पर जीत भाजपा की होगी। मुकुल ने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत मिलेगा और तृणमूल 30 सीटों पर सिमट जाएगी।
बुधवार को तृणमूल की एक और विधायक देवश्री राय को भी दिल्ली भाजपा मुख्यालय में देखा गया। सूत्रों ने बताया कि शोभन की आपत्ति के कारण देवश्री को भाजपा में शामिल कराने को लेकर सहमति नहीं बनी। इस बीच तृणमूल कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व ने भाजपा में शामिल होने के बाद शोभन चटर्जी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
पिछले वर्ष छिन गई थी कुर्सी
शोभन चटर्जी के निजी जीवन में परेशानियों के चलते पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले साल नवंबर में उनसे पर्यावरण, अग्निशमन के मंत्री पद और कोलकाता के मेयर पद से इस्तीफा देने के लिए कहा था। चटर्जी पिछले कुछ महीनों से भाजपा के संपर्क में थे। लोकसभा चुनाव में हैरानी भरे नतीजों के बाद सत्तारूढ़ तृणमूल ने चटर्जी को मनाने की कोशिशें कीं, लेकिन परिणाम सिफर रहा। चटर्जी को उनके संगठनात्मक कौशल के लिए जाना जाता है। लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से तृणमूल के छह और कांग्रेस तथा माकपा के एक-एक विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
खुद हैं अनैतिक, पढ़ा रहे हैं नैतिकता का पाठ : रत्ना
शोभन चटर्जी की पत्नी रत्ना चटर्जी ने शोभन के भाजपा में शामिल होने को लेकर उन पर हमला बोलते हुए कहा कि शोभन खुद इतने अनैतिक हैं कि उन्हें अपने बच्चों तक का खयाल नहीं है। रत्ना ने कहा कि यद्यपि उन्होंने तलाक का मामला दायर किया है, लेकिन उन्हें यह भी खयाल नहीं है कि अपनी बीवी बच्चों को छोड़ कर किसी पराई महिला के साथ अनैतिक तरीके से रह रहे हैं। रत्ना ने कहा कि शोभन को ममता बनर्जी ने एक पार्षद से मंत्री बनाया था और आज उन्होंने दीदी को ही छोड़ दिया।
भाजपा ज्वाइन करने के बाद शोभन चटर्जी ने कहा कि किसी भी पार्टी को चलाने के लिए एक स्वच्छ गणतांत्रिकप्रणाली की आवश्यकता होती है जो कि भाजपा में है, लेकिन जिस तृणमूल को हमने अथक प्रयास से सींचा था वहां अब प्रणाली नहीं रही है।