एक साथ तीन फ्लाईओवरों के बंद होने से बढ़ेगी लोगों की परेशानी
केएमडीए ने लिया खस्ता हाल फ्लाईओवरों के निरीक्षण व मरम्मत का निर्णय उत्तर से दक्षिण कोलकाता तक
केएमडीए ने लिया खस्ता हाल फ्लाईओवरों के निरीक्षण व मरम्मत का निर्णय, उत्तर से दक्षिण कोलकाता तक होगी यातायात की समस्या
जागरण संवाददाता, कोलकाता : उत्तर से दक्षिण तक एक के बाद एक कुल तीन फ्लाईओवरों के स्वास्थ्य निरीक्षण व मरम्मत कार्य के कारण इस सप्ताह महानगर के लोगों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं सोमवार रात से ही बाघाजतीन फ्लाईओवर पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण इसे बंद कर दिया गया है, जिससे रूबी की ओर जाने वाले दैनिक यात्रियों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, बाघाजतीन रेलवे फाटक पर जाम की समस्या गहराने से स्थानीय लोगों की दिक्कतें बढ़ गई है। इसके अलावा आगामी 15 अगस्त से सियालदह स्थित विद्यासागर सेतु व प्रिंस अनवर शाह रोड बाईपास कनेक्टर जीवनानंद फ्लाईओवर के स्वास्थ्य निरीक्षण व मरम्मत कार्य के कारण केएमडीए ने चार दिनों तक इन दोनों ही फ्लाईओवरों पर वाहन सेवा ठप करने का निर्णय लिया है। ऐसे में 15 अगस्त से 18 अगस्त तक उत्तर व दक्षिण कोलकाता के जादवपुर, संतोषपुर, रूबी, गरियाहाट, देशप्रिय पार्क, रासबिहारी, गरिया, वैष्णवघाटा, पटुली, टालीगंज, मौलाली, एंटाली, धर्मतल्ला, राजाबाजार, श्यामबाजार, मानिकतल्ला, बेलेघाटा और पार्क सर्कस के लोगों को यातायात की चुनौतियों का सामना करना होगा। साथ ही ट्रैफिक पुलिस पर भी वैकल्पिक मार्ग व सुचारू यातायात सुनिश्चित करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप