मुर्शिदाबाद में तृणमूल नेता को गोली मारी, हालत गंभीर
-जिला तृणमूल नेतृत्व ने भाजपा पर लगाया घटना को अंजाम देने का आरोप -तृणमूल का बूथ उपाध्य
-जिला तृणमूल नेतृत्व ने भाजपा पर लगाया घटना को अंजाम देने का आरोप
-तृणमूल का बूथ उपाध्यक्ष है मइनुल, कोलकाता के अस्पताल में भर्ती
जागरण संवाददाता, मुर्शिदाबाद : जिले के खड़ग्राम में हमलावरों ने तृणमूल नेता को गोली मार दी। गंभीर अवस्था में उसे कोलकाता के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार गत शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे खड़ग्राम के बालियाहाट निवासी एवं तृणमूल के बूथ उपाध्यक्ष मइनुल शेख खेत में काम कर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में हमलावरों ने उसकी बाइक को घेर कर गोली चला दी। एक गोली पेट और एक गोली पीठ में लगने से मइनुल जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुन ग्रामीणों ने मौके पर दौड़ लगा दी। भीड़ को आते देख हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मइनुल को कांदी महकमा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे मुर्शिदाबाद मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर रविवार सुबह मइनुल को कोलकाता के एनआरएस अस्पताल भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, पुलिस ने घटना की जांच शुरू करते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के पीछे व्यक्तिगत रंजिश है या सियासी इसकी भी जांच शुरू कर दी गई है। बालिया ग्राम पंचायत प्रधान गोकुल शेख ने राजनीतिक रंजिश के चलते मइनुल पर हमला करने का आरोप लगाया है।