भाटपाड़ा में तलाशी के नाम पर पुलिस पर महिला को परेशान करने का आरोप
घर की तलाशी लेने के नाम पर एक महिला भाजपा कर्मी को परेशान करने का आरोप भाटपाड़ा थाने के पुलिस अधिकारियों पर लगा है।
संवाद सहयोगी, बैरकपुर : घर की तलाशी लेने के नाम पर एक महिला भाजपा कर्मी को परेशान करने का आरोप भाटपाड़ा थाने के पुलिस अधिकारियों पर लगा है। भाटपाड़ा थानांतर्गत रामनगर की वाशिदा उस महिला के घर रविवार रात पुलिस उस समय पहुंची, जब वह घर में बिल्कुल अकेली थी। मीता सरकार उर्फ टुकू नामक उस महिला का आरोप है कि तलाशी के नाम पर पुलिस ने उनके पूरे घर को तहस-नहस कर दिया। पुरुष पुलिसकर्मियों को देखकर उन्होंने दुपट्टा लेने की कोशिश की, लेकिन उन्हें दुपट्टा नहीं लेने दिया गया। महिला भाजपा कर्मी ने आगे कहा कि विस्फोटक रखने के नाम पर उनके घर की तलाशी ली गई लेकिन पुलिस को कुछ भी नहीं मिला। पुलिस की सीजर लिस्ट में जब्त की गई वस्तुओं के स्थान पर शून्य लिखा हुआ है। भाजपा कर्मी होने के कारण उन्हें परेशान करने और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए तृणमूल सरकार के इशारे पर उनके घर की तलाशी ली गई है। इसकी खबर पाकर भाजपा सांसद अर्जुन सिंह महिला कर्मी के घर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआइ राजू मुखर्जी के नेतृत्व में बिना किसी सर्च वारंट के तलाशी ली गई। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पुलिस से जो गलत काम करवा रही है, उसका फल उन्हीं को भुगतना पड़ेगा। मीता सरकार को लेकर वह केंद्रीय महिला आयोग के पास जाएंगे और संसद के शून्य काल में पुलिस की ज्यादती के इस मुद्दे को उठाएंगे।