होली के दिन कोलकाता में हुड़दंग मचाने वाले 112 लोग गिरफ्तार, 836 लोगों का कटा चालान
होली के दिन पूरे कोलकाता में हुड़दंग मचाने वाले 112 लोगों को कोलकाता पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। होली के दिन पूरे कोलकाता में हुड़दंग मचाने वाले 112 लोगों को कोलकाता पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। यह जानकारी लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस नेे दी है।
इसमें बताया गया है कि सबसे अधिक गिरफ्तारी ईस्ट साउथ डिविजन में हुई है। यहां 36 लोगों को पकड़ा गया है। इसके अलावा नॉर्थ डिविजन में 23 लोगों को, साउथ डिविजन में पांच लोगों को, सेंट्रल डिवीजन में 10 लोगों को, पोर्ट डिवीजन में 17 लोगों को और साउथ सबर्बन डिविजन में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा साउथ वेस्ट डिविजन में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस की ओर से बताया गया है कि इन लोगों ने नशे में धुत होकर किसी ना किसी तरह से कानून व्यवस्था के लिए चुनौती खड़ी कर दी थी। अलग-अलग जरिए से सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने इन्हें गिरफ्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि होली के मौके पर पूरे कोलकाता में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की ओर से 5000 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी तरह के हुड़दंग पर लगाम लगाया जा सके। इसमें बड़ी संख्या में कोलकाता पुलिस की महिला बटालियन विनर्स की टीम को भी तैनात किया गया था।
वहीं दूसरी ओर होली के दिन कोलकाता में 836 लोगों का चालान काटा गया है। कोलकाता पुलिस की ओर से इस बारे में आधिकारिक जानकारी दी गई है। बताया गया है कि बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले 699 लोगों का चालान काटा गया है। इसके अलावा लापरवाही से वाहन चलाने वाले 68 लोगों के खिलाफ धारा 184 के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही शराब के नशे में धुत होकर गाड़ी चलाने वाले 39 लोगों के खिलाफ धारा 185 के तहत कार्रवाई हुई है।
इसके साथ नॉर्थ डिवीजन में तीन लोगों के खिलाफ, सेंट्रल डिविजन में 10 लोगों के खिलाफ, साउथ डिविजन में तीन लोगों के खिलाफ, वेस्ट डिवीजन में 10 लोगों के खिलाफ और पोर्ट डिवीजन में चार लोगों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।