अरुण जेटली की आत्मा की शांति को एमपी ने किया यज्ञ
पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत अरुण जेटली की आत्मा की शांति के लिए
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत अरुण जेटली की आत्मा की शांति के लिए पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर में भाजपा की ओर से रविवार को यज्ञ किया गया। साउथ साइड स्थित सांसद कार्यालय में आयोजित यज्ञ में मेदिनीपुर के सांसद दिलीप घोष, जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रेमचंद्र झा तथा पतंजलि योग समिति के चंद्रकांत राठौड़ समेत काफी तादाद में लोग मौजूद रहे। वैदिक विधि विधान के साथ हुए इस यज्ञ में सभी लोगों ने आहूति प्रदान कर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति की कामना की। इसके पहले दिवंगत नेता की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही दो मिनट मौन का पालन भी किया गया।
प्रेमचंद्र झा ने कहा कि भाजपा व देश की मजबूती हेतु अरुण जेटली द्वारा किए गए कार्यों को सदा याद रखा जाएगा। उनके निधन से हमलोग अत्यंत ही मर्माहत हैं। दुख की इस घड़ी में हमलोग दिवंगत नेता के परिवार के प्रति पूरी संवेदना व्यक्त करते हैं। अरुण जेटली की आत्मा को ईश्वर अपने चरणों में स्थान दें। इसके लिए पार्टी की ओर से यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें काफी तादाद में लोग सम्मिलित हुए।