पांचखुरी में हिसक झड़प, छह घायल
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर कोतवाली के पांचखुरी के खंगारड
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर कोतवाली के पांचखुरी के खंगारडी में शनिवार की दोपहर टीएमसी व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए हिसक संघर्ष में छह लोग घायल हो गए। वाकये के बाद मौके पर पुलिस गश्त तेज कर दी गई।
भाजपा नेता अरूप दास ने कहा कि उक्त इलाके में हमारा जनाधार खासा बढ़ा है। समर्थकों की बढ़ती संख्या से टीएमसी बौखलाई हुई है। लिहाजा हर स्तर पर गड़बड़ी की कोशिश की जा रही थी। शनिवार को हमारे समर्थक शुभंकर दलोई पर उस समय बम फेंका गया, जब वो अपनी बहन को स्कूल से लेकर लौट रहा था। इस घटना से हमारे समर्थकों का उत्तेजित होना स्वाभाविक था। कुछ लोगों ने टीएमसी कार्यालय पर हमला कर दिया। संघर्ष में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। दलोई को एमएमसीएच, जबकि पांच अन्य को प्रखंड स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। दूसरी ओर टीएमसी नेता व पंचायत सदस्य शेख अली अकबर ने कहा कि भाजपा के मुट्टी भर कार्यकर्ता हर समय गड़बड़ी की कोशिशों में लगे रहते हैं। झड़प की शुरूआत उन्हीं की ओर से की गई। हमारे कार्यकर्ताओं ने काफी संयम बरता। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय ) अमलान कुसुम घोष ने कहा कि घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। पुलिस गश्त जारी है।