टीएमसी सभासद के भाई को घोंपा छुरा, घायल
पश्चिम मेदिनीपुर जिला के मेदिनीपुर नगरपालिका अंतर्गत वार्ड 12 के टीएमस
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला के मेदिनीपुर नगरपालिका अंतर्गत वार्ड 12 के टीएमसी सभासद टोटन शासपिल्ली के भाई सुखदेव को छुरा घोंप दिए जाने से इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। टीएमसी ने इसके पीछे भाजपा का हाथ होने का शक जताया है, वहीं भाजपा ने आरोपों को गलत बताया है।
सभासद टोटन शासपिल्ली ने बताया कि उनका भाई सुखदेव मंगलवार की रात कॉलेज मैदान में बैठकर दोस्तों के साथ गपशप कर रहा था, तभी अचानक किसी ने उस पर हमला कर दिया और पीठ पर छुरा घोंप कर भाग गया। अंधेरा होने की वजह से किसी को देखा नहीं जा सका। घायल हालत में तत्काल उसे मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि उनके भाई ने भाजपा के बंगाल बंद के दिन दुकानें खुलवाई थी और अराजकता उत्पन्न करने के प्रयासों को विफल कर दिया था। इसी खुन्नस में भाजपा ने उस पर हमला कराया। तत्काल किसी का नाम नहीं मिलने से वे दावे के साथ कुछ नहीं कह पा रहे हैं, लेकिन जल्द सच्चाई सामने आ जाएगी। इसके बाद वे थाने में आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। क्योंकि इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता है। इससे अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष समित कुमार दास ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि आजकल टीएमसी वाले हर मामले में भाजपा का हाथ देखते हैं। उन पर भाजपा का भूत सवार है। इसका कोई इलाज नहीं है। इस घटना से भाजपा को कोई संबंध नहीं है। हर जगह टीएमसी आपस में लड़ रहे हैं। हो सकता है यह घटना भी इसी की कड़ी हो। समाचार प्रेषण तक मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं थी। मेदिनीपुर कोतवाली के कार्यकारी प्रभारी हीरक विश्वास ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। जल्द ही किसी निर्ष्कष पर पहुंचा जा सकेगा।