आप की जीत पर टीएमसी ने मनाई खुशी
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के गांधी मोड़ पर मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत पर खुशी जताई।
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के गांधी मोड़ पर मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत पर खुशी जताई। रैली की अगुवाई टीएमसी जिलाध्यक्ष अजीत माईती, जिला परिषद अध्यक्ष उत्तरा सिंह हाजरा आदि ने की। वक्ताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद से भाजपा की ग्रह दशा बिगड़ी हुई है। उसे चुनाव दर चुनाव हार का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में लोगों ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया। इसके पहले झारखंड और महाराष्ट्र आदि में भी भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा था। आम आदमी पार्टी की जीत से ज्यादा खुश हम भाजपा की हार से हैं, क्योंकि इस पार्टी ने देश का बड़ा नुकसान कर दिया है। यह देश और जनता के हित में कतई नहीं है। इस पार्टी की जल्द से जल्द विदाई होनी चाहिए। हमें पूरा विश्वास है कि जन समर्थन भाजपा विरोधी दलों को मिलेगा और देश से भाजपा का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।