महिषादल में जेटी से टकराया समुद्री जहाज, कोई हताहत नहीं
पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत महिषादल के गेवोखाली में शुक्रवार को समुद्री जह
संवाद सूत्र, हल्दिया : पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत महिषादल के गेवोखाली में शुक्रवार को समुद्री जहाज के जेटी से टकरा जाने से बड़ी दुर्घटना टल गई। वाकये के बाद जहाज को रवाना कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर समुद्री जहाज निकोबर कोलकाता से अंडमान निकोबर द्वीप समूह के लिए रवाना हुआ। महिषादल के गेवोखाली के पास जल पथ के यात्रियों के लिए बनाए गए जेटी से जहाज सामान्य रूप से टकरा गया। वाकये में जेटी सामान्य रूप से क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। लिहाजा जहाज को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। जानकारी पाकर पहुंची पुलिस और अन्य विभागों के लिए लोगों ने स्थिति की समीक्षा शुरू कर दी। महिषादल थाना प्रभारी पार्थ विश्वास ने कहा कि संयोग से बड़ी दुर्घटना टल गई। टक्कर जोरदार होने पर समुद्री जहाज पर बैठे लोगों के साथ जेटी पर मौजूद लोगों के हताहत होने की आशंका थी, लेकिन हादसा टल गया। यह बड़े राहत की बात है। जलपथ परिवहन समेत विभिन्न भागों के अधिकारी वस्तुस्थिति की समीक्षा कर यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि टक्कर कैसे और क्यों हुई, क्योंकि समुद्री जहाज के गुजरने के लिए पर्याप्त स्थान है। इसके बावजूद टक्कर होने के कारणों की समीक्षा की जा रही है।