समाजसेवियों की मदद से अस्पताल पहुंचा असहाय वृद्ध
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के तालकुई में गुरुवार की सुबह
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के तालकुई में गुरुवार की सुबह से लावारिस पड़े बीमार असहाय वृद्ध को आखिरकार मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। इस कार्य में समाजसेवियों ने सक्रिय योगदान दिया।
शहर के तालकुई में लोगों ने सुबह से ही एक असहाय 80 वर्षीय वृद्ध को सड़क किनारे पड़े देखा। पहले तो लोगों ने उसकी ओर ध्यान नहीं दिया, लेकिन बारिश शुरू होने पर जब वृद्ध भींगने लगा तो लोगों से उसकी असहायता देखी नहीं गई। सूचना मिलते ही स्थानीय संस्था सचेतनता के सदस्य मौके पर पहुंचे और वृद्ध को मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती करा दिया। समाचार प्रेषण तक बीमार की हालत गंभीर बनी हुई थी। वृद्ध चलने-फिरने में असमर्थ है। इससे अनुमान लगाया गया कि कोई उसे फेंक गया। उसकी भाषा भी लोगों की समझ में नहीं आ रही थी। सचेतनता के पदाधिकारी सुमन ¨सह और रासू माईती ने बताया कि अस्पताल ने वृद्ध की हालत गंभीर का हवाला दिया। इस पर उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि उसकी बेहतर चिकित्सा या मौत की स्थिति में भी वे मदद के लिए तैयार रहेंगे।