हाथियों के उपद्रव के खिलाफ रोहिणी में पथावरोध
झाड़ग्राम जिला अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों में हाथियों के उपद्रव के ि
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : झाड़ग्राम जिला अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों में हाथियों के उपद्रव के खिलाफ शुक्रवार को ग्रामीणों ने सांकराइल के रोहिणी में करीब एक घंटे तक पथावरोध किया। शासकीय अधिकारियों के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए।
जानकारी के मुताबिक दलमा पहाड़ से आए करीब 60 हाथियों का एक झुंड पिछले कई दिनों से जिले के विभिन्न भागों में घूम रहा है। वनकर्मियों की नजरदारी के बावजूद हाथियों का दल खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। परेशान होकर ग्रामीणों ने रोहिणी में पथावरोध कर मुख्य यातायात ठप कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि हाथियों के उपद्रव की वजह से वे दहशत के साए में जी रहे हैं। हर पल जान का खतरा बना रहता है। पिछले दिनों के अंतराल पर नयाग्राम और बेलपहाड़ी प्रखंडों में हाथियों के हमले में मौत की घटनाएं भी हो चुकी हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। साथ ही फसलों के नुकसान की क्षतिपूर्ति की व्यवस्था की जाए। सूचना मिलने पर पहुंचे प्रखंड विकास दफ्तर से पहुंचे अधिकारियों के समझाने पर ग्रामीणों ने करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त किया। झाड़ग्राम के अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत महतो ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। वे मामले की खोज-खबर लेंगे।